सर्किल न्यूज नेटवर्क | अहमदाबाद/रानीवाड़ा
“इरादे बुलंद हों, नीति स्पष्ट और नियत साफ हो, तो सफलताएं स्वयं कदम चूमती हैं।” संघर्ष की भट्टी में तपकर जो मेहनत की जाती है, उसकी गूँज सीमाओं के पार तक सुनाई देती है। मारवाड़ की माटी के लाल और रानीवाड़ा के उभरते युवा आर्किटेक्ट चंदन सिंह राव ने अपनी प्रतिभा और कठिन परिश्रम से सफलता का एक ऐसा ही नया कीर्तिमान स्थापित किया है। रानीवाड़ा और आबूरोड में अपनी धाक जमाने के बाद अब वे गुजरात की आर्थिक राजधानी अहमदाबाद में अपने नवीन प्रतिष्ठान ‘डिजाइन प्रोसेस स्टूडियो’ के साथ एक नई उड़ान भरने को तैयार हैं।

संत सानिध्य और वीआईपी अतिथियों की गरिमा
कल, सोमवार 23 मार्च को इस आधुनिक कार्यालय का शुभारंभ एक भव्य समारोह में किया जाएगा। कार्यक्रम में अध्यात्म और राजनीति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा:
- मुख्य सानिध्य: शिवासन भाखरी स्थित श्री ललिता त्रिपुर सुंदरी धाम के पीठाधीश्वर अनंत श्री विभूषित सुमन सुलभ ब्रह्मचारी जी महाराज के पावन सानिध्य में मंगल दीप प्रज्वलित किया जाएगा।
- विशिष्ट अतिथि (VIP): कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रानीवाड़ा विधायक रतन देवासी एवं जालौर-सिरोही के पूर्व तीन बार सांसद रहे देवजी भाई पटेल शिरकत करेंगे। इनके साथ ही राव समाज के वरिष्ठ प्रबुद्धजन और प्रतिष्ठित व्यापारी भी नव-प्रतिष्ठान को अपना आशीर्वाद देने पहुँचेंगे।

अनुभव की नींव पर खड़ी सफलता
आपको बता दें कि आर्किटेक्ट चंदन सिंह राव, वरिष्ठ पत्रकार एवं सर्किल न्यूज नेटवर्क के हेड गुमान सिंह राव के सुपुत्र हैं। उन्होंने जयपुर की एमिटी यूनिवर्सिटी से ‘बैचलर इन आर्किटेक्ट’ की डिग्री हासिल करने के पश्चात देश के जाने-माने टॉप-10 आर्किटेक्ट्स में शुमार उत्तम सी जैन और उनके पुत्र चिराग जैन के मार्गदर्शन में वर्षों तक अनुभव प्राप्त किया। वर्तमान में उनके रानीवाड़ा और आबूरोड स्थित कार्यालय सफलतापूर्वक संचालित हैं और अहमदाबाद वाला यह तीसरा कार्यालय उनके करियर की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

नवरात्रि का पावन पर्व: शुभता का प्रतीक
इस नए सफर की शुरुआत शक्ति की उपासना के महापर्व नवरात्रि के दौरान होना अपने आप में एक शुभ संकेत है। रानीवाड़ा, जालौर, सिरोही सहित अहमदाबाद में निवास कर रहे प्रवासी राजस्थानियों ने इस मंगल बेला पर चंदन सिंह को बधाई दी है। लोगों का मानना है कि मां भगवती के आशीर्वाद के साथ शुरू हो रहा यह प्रतिष्ठान न केवल चंदन सिंह के लिए, बल्कि समूचे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बनेगा। प्रवासियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर प्रगति की कामना करते हुए इसे सफलता की नई इबारत बताया है।
रिपोर्ट: सर्किल न्यूज नेटवर्क डेस्क



