30 लाख का डोडा-चूरा बरामद; पुलिस की बोलेरो को मारी टक्कर, अंधेरे का फायदा उठा खेतों में गायब हुआ आरोपी
भीनमाल/जालौर। राजस्थान में नशे के सौदागरों के खिलाफ विकास कुमार (महानिरीक्षक, ANTF) के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान ने रविवार को उस समय बड़ा मोड़ ले लिया, जब जालोर के भीनमाल इलाके में एक क्रेटा कार और पुलिस के बीच ‘हाई-वोल्टेज’ ड्रामा देखने को मिला। विकास कुमार के निर्देशन में एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने करीब 2 क्विंटल अवैध डोडा-चूरा जब्त कर तस्करों के नेटवर्क को करारा झटका दिया है।

फिल्मी अंदाज में पीछा: स्टॉप स्टिक से फटा टायर, फिर भी नहीं रुका तस्कर
मुखबिर की सटीक सूचना पर जब ANTF टीम ने भीनमाल-पुनासा रोड पर नाकाबंदी की, तो एक संदिग्ध क्रेटा कार आती दिखाई दी। पुलिस को देखते ही चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। विकास कुमार ने बताया कि टीम ने पीछा शुरू किया और कार रोकने के लिए ‘स्टॉप स्टिक’ का इस्तेमाल किया, जिससे गाड़ी का टायर फट गया। इसके बावजूद दुस्साहसी तस्कर फटे टायरों पर ही गाड़ी को भगाता रहा।
पुलिस वाहन को मारी टक्कर
तस्कर ने बच निकलने की कोशिश में सामने से आ रही जालोर पुलिस की बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार फंस गई, तो आरोपी गाड़ी छोड़ खेतों की तरफ भागा। पुलिस टीम ने खड़ी फसलों के बीच करीब 10 किलोमीटर तक पैदल पीछा किया, लेकिन अंधेरे और घनी फसल का फायदा उठाकर तस्कर भागने में सफल रहा।

बरामदगी का ब्यौरा
पुलिस ने जब लावारिस मिली क्रेटा कार (MH 12 TD 1365) की तलाशी ली, तो उसमें 10 प्लास्टिक के कट्टे मिले।
- कुल वजन: 194.270 किलोग्राम (करीब 2 क्विंटल)।
- बाजार कीमत: अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 30 लाख रुपये आंकी गई है।
टीम को मिलेगा विशेष सम्मान
इस जांबाज कार्रवाई में ANTF मुख्यालय जयपुर, जालौर चौकी और भीनमाल थाना पुलिस की विशेष भूमिका रही। विकास कुमार ने घोषणा की है कि इस ऑपरेशन में शामिल सभी पुलिसकर्मियों को जयपुर मुख्यालय में एक विशेष कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया जाएगा।
आमजन से अपील: विकास कुमार ने जनता से अपील की है कि किसी भी अपराधी या नशे के कारोबार से जुड़ी सूचना 0141-2502877 या व्हाट्सएप नंबर 9001999070 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।



