एसपी शैलेन्द्र सिंह इंदौलिया के निर्देश पर बड़ी कार्यवाही; आरपीएस रवि मीणा ने फिल्मी स्टाइल में पीछा कर गुजरात जा रही खेप को पकड़ा
चितलवाना (सर्कल न्यूज नेटवर्क)। शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चितलवाना पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। जिला पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह इंदौलिया के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवड़ दान रत्नू के सुपरविजन में पुलिस ने अवैध शराब से भरी एक गुजरात नंबर की गाड़ी को जब्त कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है।

नाकाबंदी तोड़ भागने की कोशिश, पुलिस ने पीछा कर दबोचा प्राप्त जानकारी के अनुसार, थानाधिकारी आरपीएस रवि मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में सघन नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध गुजरात नंबर की कार (GJ 12 CD 5589) को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देख चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया। थानाधिकारी रवि मीणा ने तुरंत पुलिस टीम के साथ फिल्मी अंदाज में गाड़ी का पीछा किया और कड़ी मशक्कत के बाद उसे घेरकर दबोच लिया।
ब्रांडेड शराब और बीयर का जखीरा बरामद गाड़ी की तलाशी लेने पर पुलिस की आंखें फटी रह गईं। कार के भीतर भारी मात्रा में नामी ब्रांडों की अंग्रेजी शराब और बीयर भरी हुई थी। जब्त की गई खेप में ग्रीन लेबल, रॉयल स्टैग, मैकडॉवेल्स, ओल्ड मोंक, ऑफिसर्स चॉइस, व्हाइट लेस, काउंटी क्लब जैसी महंगी शराब के साथ-साथ किंगफिशर और ट्यूबोर्ग बीयर के कार्टन शामिल हैं। इसके अलावा बड़ी मात्रा में देसी घूमर शराब भी बरामद की गई है।
साँचौर-चितलवाना के दो तस्कर गिरफ्तार पुलिस ने मौके से तस्करी में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान दिनेश कुमार (पुत्र हरचंद राम विश्नोई) और विकास कुमार (पुत्र रूगनाथ राम विश्नोई) के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि ये तस्कर चितलवाना क्षेत्र से शराब भरकर गुजरात में खपाने की फिराक में थे।
इन जांबाज पुलिसकर्मियों की रही मुख्य भूमिका इस सफल कार्यवाही में थानाधिकारी आरपीएस रवि मीणा के साथ एएसआई आसू राम, चालक शिवराज (1121), उत्तम सिंह (665), नपाराम (1130) और भगवान सहाय (425) की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अब इस मामले में यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस तस्करी के तार और कहां-कहां जुड़े हुए हैं।
Circle News Network खतरे के बीच, सच के साथ।



