एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और भीनमाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बागौड़ा थानाधिकारी को सौंपी गई जांच
भीनमाल। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भीनमाल पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की टीम ने गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने जेरण क्षेत्र में एक ढाणी पर दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध अफीम बरामद की है और मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक, जालौर के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम गोदारा एवं पुलिस उप अधीक्षक (वृत्ताधिकारी) शंकरलाल मंसूरिया के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। भीनमाल थानाधिकारी राजेंद्रसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने १८ जून को मुखबिर की सूचना पर जिरण निवासी जुठाराम (४८) पुत्र करनाराम देवासी की ढाणी पर अचानक दबिश दी।
रसोईघर में छिपा रखा था नशा
पुलिस टीम ने जब नियमों के मुताबिक संदिग्ध मकान की तलाशी ली, तो हर कोई हैरान रह गया। आरोपी ने अवैध मादक पदार्थ को रसोईघर में छिपा रखा था। रसोई की तलाशी के दौरान वहां प्लास्टिक की तीन थैलियां मिलीं, जिनमें अफीम भरी हुई थी। तौल करने पर थैलियों से कुल ९३८ ग्राम अवैध निर्मित अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मौके से ही आरोपी जुठाराम देवासी को गिरफ्तार कर अफीम को जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की कड़ाई से जांच अब बागौड़ा थानाधिकारी द्वारा की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली जांबाज टीम:
भीनमाल पुलिस टीम:
- राजेंद्रसिंह राजपुरोहित (थानाधिकारी)
- गनी मोहम्मद (उप-निरीक्षक)
- राजेंद्र कुमार (कांस्टेबल १६३)
- मदनलाल (कांस्टेबल १०३१)
- सोहनी (महिला कांस्टेबल १०५३)
एएनटीएफ चौकी जालौर टीम:
- अल्ताफ हुसैन (उप-निरीक्षक)
- भागीरथराम (कांस्टेबल १८४)
- मनीष (कांस्टेबल १८५)
- उम्मेदसिंह (कांस्टेबल १२२)



