रानीवाड़ा के पूर्व विधायक देवल के अथक प्रयास ला रहे रंग
न्यूज़ रानीवाडा
रानीवाड़ा। क्षेत्र के विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रानीवाड़ा स्टेट हाईवे से देवपुरा गांव तक सड़क निर्माण कार्य के लिए 57 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। यह सड़क लगभग 3.2 किलोमीटर लंबाई में बनाई जाएगी, जिससे देवपुरा सहित आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
पूर्व विधायक एवं पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष नारायणसिंह देवल ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से मांग थी कि रानीवाड़ा स्टेट हाईवे से देवपुरा तक की सड़क का निर्माण एवं नवीनीकरण कराया जाए। इस मांग को सरकार तक पहुंचाने और स्वीकृति दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए गए, जिसके परिणामस्वरूप अब 57 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य को मंजूरी मिल गई है।

देवल ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण विकास और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। राजस्थान को विकसित राज्य बनाने के उद्देश्य से सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में देवपुरा सड़क निर्माण कार्य की स्वीकृति क्षेत्र के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से मुक्ति मिलेगी। बरसात के दिनों में सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। नई सड़क बनने से किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी, वहीं विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आमजन को भी बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्य लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांगों में शामिल था। सड़क बनने से गांव का संपर्क मुख्य मार्ग से और अधिक सुदृढ़ होगा तथा विकास गतिविधियों को भी गति मिलेगी। पूर्व विधायक देवल ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग मंत्री दिया कुमारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी क्षेत्रहित के कार्यों को प्राथमिकता दिलाने के प्रयास जारी रहेंगे। सड़क निर्माण की स्वीकृति से देवपुरा एवं आसपास के गांवों में खुशी का माहौल है।
रानीवाड़ा कस्बे में राणा प्रताप चौक से थोड़ा आगे, भीनमाल मुख्य सड़क से परब वाली स्कूल को जोड़ने वाली डामर सड़क के दिन अब बहुरने वाले हैं। करीब 13 साल पहले बनी इस जर्जर सड़क का अब जल्द ही कायाकल्प किया जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार, लंबे समय से मरम्मत की राह देख रही इस महत्वपूर्ण सड़क 3.20 Km का नवीनीकरण पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल की अभिशंसा पर स्वीकृत किया गया है। सड़क के नवीनीकरण की मंजूरी मिलने से स्थानीय निवासियों और स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को सालों की परेशानी और गड्ढों से निजात मिलेगी।

ग्रामीण विकास को रफ्तार देने की कवायद
सर्कल न्यूज़ नेटवर्क के विशेष सूत्रों के अनुसार, इस सड़क निर्माण कार्य को राज्य सरकार के ‘विशेष अभियान 2.0’ के तहत शामिल किया गया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों को मुख्य जिला सड़कों और स्टेट हाईवे से जोड़ना है।
मुख्य विशेषताएं:
- गुणवत्ता पर विशेष फोकस: इस अभियान के अंतर्गत बनने वाली सभी सड़कों की सामग्री और निर्माण गुणवत्ता की जांच आधुनिक तकनीकों से की जाएगी।
- समयबद्ध सीमा: देवपुरा सड़क निर्माण कार्य को एक निश्चित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि मानसून से पहले ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके।
- जवाबदेही तय: सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को नियमित रूप से कार्य की प्रगति की निगरानी करने और इसकी रिपोर्ट सीधे राज्य मुख्यालय भेजने के पाबंद किया गया है।
इस अभियान के जुड़ने से अब न केवल देवपुरा बल्कि रानीवाड़ा क्षेत्र के अन्य संपर्क मार्गों के कायाकल्प की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।



