स्वामी देवानंद सरस्वती के सानिध्य में हुआ आयोजन; विशेषज्ञों ने दिए सफलता के मंत्र, मोबाइल से दूरी और खेलों से जुड़ाव की अपील
रानीवाड़ा। स्वामी आत्मानंद सेवा संस्थान वात्सल्यधाम रानीवाड़ा के तत्वावधान में रविवार को आजोदर स्थित यू आर गर्ल्स कॉलेज में राजपुरोहित समाज बालिका प्रतिभा सम्मान समारोह एवं विशाल करियर गाइडेंस सेमिनार का भव्य आयोजन हुआ। संस्थान के प्रधान संरक्षक दंडी स्वामी देवानंद सरस्वती महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज की शिक्षा और प्रगति की अनूठी झलक देखने को मिली।
325 प्रतिभाओं को नवाजा, ऑडिटोरियम पड़ा छोटा
समारोह में राजपुरोहित समाज की 325 होनहार बालिकाओं को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। प्रत्येक बालिका को स्कूल बैग, श्रीमद्भागवत गीता, पाठ्य सामग्री किट, प्रशस्ति पत्र और नकद पारितोषिक राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम के प्रति उत्साह का आलम यह था कि कॉलेज का विशाल ऑडिटोरियम भी छोटा पड़ गया और भारी संख्या में समाज बंधु और छात्राएं उपस्थित रहीं।

करियर गाइडेंस: विशेषज्ञों ने दिखाया भविष्य का रास्ता
विशाल सेमिनार में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने बालिकाओं का मार्गदर्शन किया:
- नारायण सिंह राजपुरोहित (विकास अधिकारी, रानी): प्रशासनिक सेवाओं में सफलता के गुर सिखाए।
- अंकिता राजपुरोहित (सहायक निदेशक, महिला अधिकारिता विभाग, सिरोही): महिला सशक्तिकरण और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
- डॉ. विनीता राजपुरोहित (विभागाध्यक्ष, अर्थशास्त्र, MLSU): उच्च शिक्षा और विषय चयन पर प्रकाश डाला।
- डॉ. गणपत सिंह राजपुरोहित (असिस्टेंट प्रोफेसर व मोटिवेशनल स्पीकर): आत्मविश्वास और लक्ष्य निर्धारण के टिप्स साझा किए।

“बालिकाएं मोबाइल स्क्रीन टाइम कम करें और खेलों से जुड़ें” संस्थान निदेशक अमृत पुरोहित ने अपने संबोधन में आधुनिक चुनौतियों पर जोर देते हुए बालिकाओं से अपील की कि वे मोबाइल की दुनिया से बाहर निकलकर शारीरिक विकास के लिए खेलों से जुड़ें।
भामाशाहों का सहयोग और कन्या पूजन
यह गरिमामयी कार्यक्रम भामाशाह मणीभाई (सुपुत्र स्व. रविशंकर दवे-जोशी, माउंट आबू/अहमदाबाद) के विशेष सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत परंपरागत कन्या पूजन के साथ की गई। अंत में सभी आगंतुकों और बालिकाओं के लिए स्नेह भोज का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर यू आर गर्ल्स कॉलेज के डायरेक्टर ऋतुराज सिंह, राज्य पुरस्कृत शिक्षक जगदीश पुरोहित कारोला, प्रवीण कुमार पालड़ी, आशाराम पुरोहित, प्रभुराम बिछावाड़ी, ज्योति राजपुरोहित, जयश्री, हेमलता दवे और गीता राजपुरोहित सहित समाज के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



