रानीवाड़ा। नगर के श्री रघुनाथ बिश्नोई मेमोरियल कॉलेज में शिक्षक दिवस का पर्व अपार उत्साह, उमंग और गरिमामय माहौल के बीच धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं संस्थान के संरक्षक पूर्व प्रधान नरेंद्र कुमार बिश्नोई, सामाजिक कार्यकर्ता शारदा देवी तथा प्राचार्य द्वारा महान शिक्षाविद व पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुजनों के प्रति अगाध प्रेम, आदर और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए पूरे वातावरण को गुरु-शिष्य की पावन परंपरा के रंग में रंग दिया।

समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व प्रधान नरेंद्र कुमार विश्नोई ने सभी शिक्षकों और भावी अध्यापकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक अज्ञानता के अंधकार को मिटाकर जीवन में ज्ञान का दीप जलाते हैं और वे ही राष्ट्र के सच्चे निर्माता हैं, इसलिए समाज में उनका स्थान सदैव सर्वोपरि होना चाहिए। कार्यक्रम में विद्यार्थी कमलेश कुमार, श्रवण कुमार, माणका राम, रुचिका जोशी, रविंद्र कुमार, भावेश कुमार, भागवंती कुमारी, महेश कुमार और मेहुल कुमार सहित कई छात्रों ने अपने विचार रखे तथा जीवन निर्माण में गुरु की महती भूमिका पर प्रकाश डाला।
महाविद्यालय की आचार्या कौशल्या देवी एवं बी.एड. प्रभारी विश्राम मीणा तथा अन्य प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, कड़ी मेहनत और उच्च संस्कारों को अपनाने का संदेश दिया। प्राचार्य डॉ. एस. के. उब्बा ने गुरु-शिष्य की गौरवशाली परंपरा को जीवंत बनाए रखने पर बल दिया, वहीं अंत में डॉ. सतीश कुमार ने उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां