श्री राणेश्वर गौशाला में पशुपालन विभाग के बैनर तले आयोजित हुआ कार्यक्रम, स्वच्छता और जल संचय की दिलाई शपथ
रानीवाड़ा। राजस्थान सरकार के 'वंदे गंगा' जल संरक्षण अभियान के तहत श्री राणेश्वर गौशाला रानीवाड़ा खुर्द में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पशुपालन विभाग के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. शिंदे महेश कुमार रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला उपाध्यक्ष मुकेश कुमार खंडेलवाल ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला उपाध्यक्ष हीरालाल सारस्वत मौजूद रहे। जन अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण, वर्षा जल संग्रहण एवं स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित कर उपस्थित जनसमुदाय को 'वंदे गंगा जल संरक्षण' में सहयोग का संकल्प दिलाया गया।
गांव-ढाणी तक पहुंचेगा मुख्यमंत्री का अभियान
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष मुकेश कुमार खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा जिलाध्यक्ष जसराज राजपुरोहित एवं जिला संगठन प्रभारी महेंद्र मेघवाल के निर्देशानुसार सभी कार्यकर्ताओं को इस जनभागीदारी कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग करना है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा शुरू किए गए इस यशस्वी अभियान को हमें हर गांव और ढाणी तक लेकर जाना है।
खंडेलवाल ने स्वच्छता पर जोर देते हुए कहा:
"गौशाला और चिकित्सालय परिसर की साफ-सफाई कर हमें आमजन को स्वच्छता का संदेश देना है। स्वच्छ भारत के निर्माण में भागीदारी सुनिश्चित करना हम सभी का परम कर्तव्य है। जब 'घर का जल घर में और खेत का जल खेत में' रहेगा, तभी हम जल संकट से पूरी तरह बाहर आ सकेंगे।"
गर्मी में पशुओं की देखरेख और सजगता जरूरी: डॉ. शिंदे
पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. शिंदे महेश कुमार ने ग्रामीणों और गौशाला संरक्षकों को पशुधन प्रबंधन के गुर सिखाए। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में पशुओं के लिए हरे व सूखे चारे के साथ-साथ पानी की पर्याप्त व्यवस्था रखें और उन्हें धूप से बचाकर शेड में रखें।
डॉ. शिंदे ने कहा कि परिसर की साफ-सफाई हमेशा बनी रहनी चाहिए। सरकार द्वारा समय-समय पर ऐसे जन अभियान इसीलिए चलाए जाते हैं ताकि जनमानस में लगातार जागरूकता बनी रहे। उन्होंने पशुओं की मौसमी बीमारियों और उनकी देखरेख पर विस्तार से तकनीकी जानकारी भी साझा की।
स्वच्छता और जल बचत का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों और ग्रामीणों ने गौशाला परिसर में श्रमदान कर साफ-सफाई की और स्वच्छता के साथ-साथ पानी की एक-एक बूंद बचाने का संदेश दिया। इस मौके पर उत्तमचंद रावल, लहेराराम पुरोहित, रिडमलसिंह दहिया, सुमेराराम राणा, श्रवण राणा, जैसाराम मेघवाल, गोकुलाराम देवासी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय प्रबुद्धजन और ग्रामीण उपस्थित थे।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां