जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, संध्या चौपालों में मुख्यमंत्री के लाइव संबोधन का हुआ सीधा प्रसारण
जालोर, 16 मई।
राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीण अंचलों तक प्रभावी रूप से पहुँचाने के उद्देश्य से जिले में संचालित ‘ग्राम रथ अभियान’ के तहत शनिवार को विभिन्न ग्राम पंचायतों में भारी उत्साह देखा गया। इस दौरान ग्रामीणों ने न केवल योजनाओं की जानकारियां लीं, बल्कि मौके पर ही इनका लाभ भी उठाया।
संध्या चौपालों में मुख्यमंत्री का लाइव संवाद
अभियान के तहत शनिवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रथों के माध्यम से लाइव संवाद किया। इसका सीधा प्रसारण आहोर विधानसभा की चरली, जालोर की नरसाणा, भीनमाल की दामण, सांचौर की गोलासन और रानीवाड़ा विधानसभा की रानीवाड़ा कलां ग्राम पंचायत में आयोजित संध्या चौपालों में किया गया। इन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उपस्थिति दर्ज कराई।
इन ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचा विकास का रथ
शनिवार को ग्राम रथ अभियान के तहत गुडा बालोतान, उम्मेदपुर, चरली, विरोल, पलादर, विरार नगर, मामाजी नगर, मेडा पुरोहितान, हापु की ढाणी, बिशनगढ़, बालवाड़ा, गुन्दाऊ, सेडिया और सरनाउ ग्राम पंचायतों में रथ पहुंचे। गांवों में रथों के आते ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान 13 प्रमुख विभागों की योजनाओं का डिजिटल माध्यम से जीवंत प्रसारण किया गया और मुख्यमंत्री का संदेश भी ग्रामीणों को सुनाया गया।
लोक कला, डिजिटल प्रस्तुति और जनसंवाद का संगम
ग्राम रथों के साथ आए कला जत्थों के कलाकारों ने लोकगीतों, भजनों और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से योजनाओं का रोचक प्रचार-प्रसार किया। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर ही ग्रामीणों को योजनाओं से संबंधित मार्गदर्शिका और प्रचार सामग्री वितरित की। ग्रामीणों के सुझाव और फीडबैक दर्ज करने के लिए रथ के साथ एक विशेष सुझाव पेटिका भी रखी गई है।
13 विभागों की योजनाओं की मिल रही जानकारी
इस अभियान के तहत कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन, सहकारिता, जल संसाधन, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायती राज और ग्रामीण विकास विभाग की सहभागिता से कृषकों, पशुपालकों सहित आमजन को जागरूक किया जा रहा है। प्रत्येक रथ में लगी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति दी जा रही है।
स्थानीय बोली में संध्या चौपालों की धूम
विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित संध्या चौपालों के दौरान लोक कलाकारों द्वारा स्थानीय बोली में संवाद कर कृषि, उन्नत खेती के तरीके, खाद का सही उपयोग और मृदा जांच जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां अत्यंत मनोरंजक ढंग से दी जा रही हैं, जो ग्रामीणों के लिए काफी मददगार साबित हो रही हैं।



