हैप्पी पब्लिक स्कूल में जागरूकता शिविर: सिविल न्यायाधीश साक्षी शर्मा ने विद्यार्थियों को दिए नशे के खिलाफ कड़े संदेश और जीवन-सुधार के सूत्र
'
जालौर/रानीवाड़ा। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जालौर के निर्देशानुसार 'ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे कैंपेन' के तहत तालुका विधिक सेवा समिति, रानीवाड़ा द्वारा हैप्पी पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट रानीवाड़ा, साक्षी शर्मा (आर.जे.एस.) ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अक्सर युवा पीढ़ी जिज्ञासा, गलत संगत, साथियों के दबाव, तनाव व सोशल मीडिया के प्रभाव में आकर नशे की गर्त में चली जाती है। "केवल एक बार आजमाने से कुछ नहीं होगा"—इस झूठे दिलासे के झांसे में आकर बच्चे नशे के जाल में फंस जाते हैं।

NDPS एक्ट की दी जानकारी
न्यायाधीश साक्षी शर्मा ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट 1985 के प्रावधानों से विद्यार्थियों को अवगत कराते हुए बताया कि यह कानून युवाओं को नशे के खतरे से बचाने के लिए बनाया गया है। इसके तहत नशीले पदार्थों का क्रय, विक्रय, सप्लाई या सेवन करना संज्ञेय अपराध है, जिसके लिए कठोर दंड का प्रावधान है।
स्वास्थ्य और आर्थिक बर्बादी का कारण
शिविर में नशे व शराब से स्वास्थ्य पर होने वाले जानलेवा प्रभावों की चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि इनके सेवन से हृदय, लिवर, किडनी और फेफड़ों को भारी क्षति पहुँचती है। युवाओं की स्मरण शक्ति कमजोर होती है, हृदयघात (हार्ट अटैक) की संभावना बढ़ती है और असमय मृत्यु तक हो सकती है। नशे की लत से व्यक्ति आर्थिक, मानसिक रूप से टूट जाता है तथा डिप्रेशन और दिवालियापन का शिकार हो जाता है।
"किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा दी गई खाद्य सामग्री का सेवन न करें। यदि कोई बहकाने का प्रयास करे तो तुरंत अपने माता-पिता और गुरुजनों से संपर्क करें।"
— साक्षी शर्मा (आर.जे.एस.), सिविल न्यायाधीशप्रेरक संदेश व सहायता हेल्पलाइन
न्यायाधीश महोदया ने विद्यार्थियों को सदैव अच्छी संगत में रहने और खुद पर विश्वास रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने निःशुल्क कानूनी सहायता हेतु रालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 एवं 9928900900 की जानकारी भी दी।
इस दौरान न्यायालय के कार्मिक रामाराम सोनल, योगेश जांगिड़, स्कूल के डायरेक्टर प्रहलाद कुमार, प्रिंसिपल शंकर लाल पुरोहित, व्यवस्थापक उदाराम चौधरी सहित समस्त विद्यालय स्टाफ व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां