चारों दिशाओं में नशा कारोबार ध्वस्त: जालोर से दौसा, फलौदी से हनुमानगढ़ तक चला एंटी-नारकोटिक्स फोर्स का चाबुक
जयपुर: प्रदेश में नशे के सौदागरों पर प्रहार का सिलसिला निरंतर जारी है। एंटी-नारकोटिक्स फोर्स (ANTF) ने लगातार दूसरे दिन दो बड़े ऑपरेशनों को अंजाम देकर 50 हजार के इनामी दो वांछित अपराधियों को धर दबोचा है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में कार्रवाई करते हुए ANTF महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा और अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के मार्गदर्शन में यह धरपकड़ अभियान चलाया गया।
पहली कार्रवाई: ‘ऑपरेशन ग्रीन-चॉफ’
पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़ द्वारा वांछित, करीब 5 साल से फरार 25 हजार के इनामी अपराधी हड़मानाराम उर्फ हनुमानाराम (निवासी चड़ीमोटाई, फलौदी) को फलौदी से गिरफ्तार किया गया।
- काला पानी और नशे का तस्कर: हड़मानाराम वर्ष 2021 में एनडीपीएस के तीन मामलों में नामजद होने के बाद पुलिस से बचने के लिए अंडमान-निकोबार भाग गया था। जहाँ कभी स्वतंत्रता सेनानियों ने काला पानी की सजा काटी, वहाँ यह तस्कर अपनी फरारी काट रहा था।
- फर्जी ठिकाना नाकाम: गंभीर बीमारी के चलते वह चुपके से गांव लौटा और परिवार के साथ रहने लगा। उसे लगा कि किसी को खबर नहीं होगी, लेकिन उसके ही एक पड़ोसी ने कर्तव्य निभाते हुए ANTF को सूचना दे दी। टीम ने घर की घेराबंदी कर उसे सोते हुए दबोच लिया। उस पर कुल आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

दूसरी कार्रवाई: ‘ऑपरेशन मद-गुफ्तार’
दौसा पुलिस द्वारा वांछित, एक साल से फरार 25 हजार के इनामी अपराधी शोभाराम (निवासी कोडिया, झालावाड़) को कोटा से गिरफ्तार किया गया।
- ससुराल से मिला नशा तस्करी का ‘हुनर’: कम पढ़ा-लिखा शोभाराम पहले खेती-मजदूरी करता था। ससुर ने उसे अधिक कमाई का लालच देकर नशा तस्करी के काम में धकेला। धीरे-धीरे वह तस्करी का ऐसा आदी हुआ कि सरगना का ‘दायां हाथ’ बन गया और झालावाड़ से दौसा तक नशे का जाल फैला दिया।
- मंदिर की रंजिश बनी गिरफ्तारी का कारण: पुलिस से बचने के लिए वह खेतों में सोता और ठिकाने बदलता था। जोगणिया माता मंदिर में प्रसाद कार्यक्रम के दौरान एक ग्रामीण से उसकी कहासुनी हो गई। रंजिश निकालने के लिए उस ग्रामीण ने ANTF को उसकी लोकेशन दे दी।
- चाल नाकाम: गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने गलत नाम बताया, लेकिन मंदिर से लौट रही बस को रुकवाकर जब टीम ने कड़ाई से पूछताछ की और ग्रामीणों ने उसकी पहचान उजागर कर दी, तो उसकी चालाकी धरी की रह गई।
सम्मान और अपील महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि इन दोनों बड़ी कार्रवाई में शामिल टीमों को जल्द ही ANTF मुख्यालय में सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की है कि नशे से जुड़ी कोई भी सूचना 0141-2502877 या व्हाट्सएप नंबर 9261225056 पर दें। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा।



