निदेशक डॉ. रोहित बिश्नोई ने रक्तदान को बताया मानवता का सबसे पुनीत कार्य; युवाओं ने लिया जन-कल्याण का संकल्प।
रानीवाड़ा। आज स्थानीय महाविद्यालय श्री रघुनाथ विश्नोई मेमोरियल कॉलेज में मानवता की सेवा का एक अनूठा दृश्य देखने को मिला। अवसर था रक्तदाता सम्मान समारोह का, जहाँ उन नायकों को सम्मानित किया गया जिन्होंने अपना रक्त देकर दूसरों की जिंदगी बचाने का बीड़ा उठाया है।
कार्यक्रम का आगाज महाविद्यालय निदेशक (डॉ.) रोहित बिश्नोई, सचिव डॉ. भागीरथ बिश्नोई, प्राचार्य डॉ. एस.के. उब्बा और बीएड प्राचार्या डॉ. नीतु जैमिनी ने माँ सरस्वती के चरणों में दीप प्रज्वलन कर किया।
निदेशक डॉ. रोहित बिश्नोई ने मंच से रक्तदाताओं को संबोधित करते हुए भावुक स्वर में कहा कि “रक्तदान से बड़ा कोई धर्म नहीं और मानवता के लिए इससे बड़ा कोई पुनीत कार्य नहीं हो सकता।” वहीं बीएड विभागाध्यक्ष विश्राम मीणा ने समाज में फैली भ्रांतियों पर चोट करते हुए कहा कि रक्तदान से कोई कमजोरी नहीं आती, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है।
समारोह के दौरान रुचिका जोशी, भगवती कुमारी, भरत कुमार, पियूष कुमार, मुकेश कुमार, भरत राणा और जयन्तीलाल सहित कुल 35 रक्तदाताओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य सत्येन्द्र कुमार ने राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों और छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए युवाओं को भविष्य में भी इसी तरह जन-कल्याण के कार्यों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
इस गरिमामयी अवसर पर महाविद्यालय के समस्त आचार्यगण, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
सर्किल न्यूज नेटवर्क के लिए रानीवाड़ा से ब्यूरो रिपोर्ट।



