राजस्थान, एमपी और गुजरात में अफीम सप्लाई का मुख्य सूत्रधार चढ़ा हत्थे; शराब ठेके में घाटे के बाद चुना था जुर्म का रास्ता
जयपुर/चित्तौड़गढ़। राजस्थान पुलिस के ‘ऑपरेशन मदार्कभ’ के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार किया है। तीन राज्यों—राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात में अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई करने वाले 25 हजार रुपये के इनामी तस्कर सुखलाल आंजना (32 वर्ष) निवासी मल्याबेर खेड़ा, मंदसौर (म.प्र.) को चित्तौड़गढ़ से फिल्मी अंदाज में गिरफ्तार कर लिया गया है।
ए.एन.टी.एफ. महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा एवं अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के निर्देशन में नशे के तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। आरोपी सुखलाल दौसा जिले के मेहंदीपुर बालाजी थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में पिछले 1 साल से फरार चल रहा था।
शादी से लौटते वक्त फिल्मी अंदाज़ में घेराबंदी
ANTF को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी भीलवाड़ा में एक शादी समारोह से अपनी काले रंग की थार गाड़ी में लौट रहा है। इस पर पुलिस टीम ने सादे कपड़ों में चित्तौड़गढ़-भीलवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाल बिछाया। पुलिस की भनक लगते ही आरोपी ने भीलवाड़ा रोड से उदयपुर और फिर कोटा रोड की तरफ गाड़ी मोड़कर भागने का प्रयास किया। लेकिन ANTF की दूसरी टीम ने निंबाहेड़ा रोड स्थित ओछड़ी टोल नाके के पास नाकाबंदी कर थार को घेर लिया और आरोपी को धर दबोचा।
ठेके के घाटे और पिता के पट्टे की आड़ में बना ‘नशे का सौदागर’
- शुरुआत: 8वीं तक पढ़ा सुखलाल पहले खेती-बाड़ी करता था। शराब के ठेकों में भारी नुकसान और कर्जा होने के बाद उसने जल्द अमीर बनने के चक्कर में अफीम तस्करी का रास्ता चुन लिया।
- नेटवर्क: पिता के नाम वैध अफीम खेती का पट्टा होने के कारण उसे तस्करी की पूरी जानकारी थी। वह अपने खेत व आसपास के किसानों से अफीम एकत्रित कर बसों में कूरियर/पार्सल के माध्यम से राजस्थान, गुजरात और एमपी के तस्करों को सप्लाई करता था।
- शातिराना अंदाज: वह केवल व्हाट्सएप कॉल का इस्तेमाल करता था और लगातार अपने रास्ते और वाहन बदलता था ताकि किसी को उसके नेटवर्क का पता न चले।
- दर्ज मामले: उस पर वर्ष 2025 में एटीएस गुजरात (गांधीनगर), वर्ष 2025 में मेहंदीपुर बालाजी (दौसा) तथा वर्ष 2026 में नाहरगढ़ (मध्यप्रदेश) में मुकदमे दर्ज हैं।
मध्य प्रदेश का 11वां बड़ा तस्कर गिरफ्त में: ANTF द्वारा मध्यप्रदेश के तस्करी नेटवर्क पर की जा रही तकनीकी निगरानी के तहत सुखलाल मध्य प्रदेश से पकड़ा गया 11वां बड़ा मादक पदार्थ तस्कर है।
आमजन से अपील: ए.एन.टी.एफ. ने अपील की है कि मादक पदार्थों व अपराधियों से जुड़ी कोई भी जानकारी नियंत्रण कक्ष नंबर 0141-2502877 या व्हाट्सएप नंबर 9261225056 पर दी जा सकती है, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।



