सैनिक की वर्दी से तुलना कर बताया गणवेश का महत्व, विजेताओं को किया गया सम्मानित
रानीवाड़ा, 28 जुलाई। आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक रानीवाड़ा में आज गणवेश प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कक्षा अरुण से द्वादशी तक के सभी विद्यार्थियों ने पूर्ण गणवेश में भाग लिया, जिसमें अनुशासन और स्वाभिमान का विशेष महत्व बताया गया।
प्रधानाचार्य विष्णु दान चारण ने गणवेश के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिस प्रकार एक सैनिक अपनी वर्दी में सजगता, अनुशासन और राष्ट्र प्रेम का भाव महसूस करता है, उसी प्रकार विद्यार्थी भी अपने स्कूल वेश में एक अनुशासित जीवन जीना सीखते हैं। उन्होंने बताया कि गणवेश से विद्यार्थियों में समानता का भाव और अपने स्कूल वेश के प्रति स्वाभिमान जाग्रत होता है, साथ ही यह स्कूल की पहचान भी बनती है।

प्रतियोगिता प्रभारी मनोज लौहार ने जानकारी दी कि इस प्रतियोगिता के निर्णायक के तौर पर मोहिनी विश्नोई, सुमन भाटी, अरविंद कुमार जोशी और पूर्व छात्र प्रवीण कुमार ने निर्धारित मापदंडों के अनुसार मूल्यांकन किया।
विजेताओं की सूची:
- तरुण वर्ग: जयेश जोशी (प्रथम स्थान)
- किशोर वर्ग: उर्मिला कुमारी (प्रथम स्थान)
- बाल वर्ग: कुलदीप बिश्नोई (प्रथम स्थान)
- शिशु वर्ग 'अ': काजल (प्रथम स्थान)
- शिशु वर्ग 'ब': प्रियल जोशी (प्रथम स्थान)
इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को गणवेश के महत्व और उससे जुड़े अनुशासन के बारे में जागरूक किया गया, जिससे वे अपने शैक्षणिक जीवन में इसे आत्मसात कर सकें।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां