सीएमएचओ के नाम बीसीएमओ को सौंपा ज्ञापन, कहा- तुरंत रद्द हो प्रतिनियुक्ति आदेश
रानीवाडा @ सर्कल न्यूज नेटवर्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग खंड रानीवाडा में ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर (बीपीएम) के अचानक हुए तबादले को लेकर बवाल मच गया है। बीपीएम इलियास खान की रानीवाडा से चितलवाना ब्लॉक में की गई प्रतिनियुक्ति (डेपुटेशन) के विरोध में पूरा चिकित्सा महकमा एक सुर में विरोध पर उतर आया है।
बुधवार को क्षेत्र की एएनएम, आशा सहयोगिनी, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) और ब्लॉक कार्यालय के समस्त स्टाफ ने एकजुट होकर इस फैसले के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। नाराज कार्मिकों ने खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी (बीसीएमओ) कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) के नाम ज्ञापन सौंपा।

व्यवस्था बिगडने का दिया हवाला ज्ञापन सौंपते हुए कार्मिकों ने बताया कि बीपीएम इलियास खान का कार्यकाल रानीवाडा में बेहद सराहनीय रहा है। उनके नेतृत्व में विभागीय योजनाएं धरातल पर सही तरीके से लागू हो रही थीं और फील्ड स्टाफ के साथ उनका समन्वय बेहतरीन था। स्टाफ का कहना है कि अचानक उन्हें चितलवाना भेजने से रानीवाडा ब्लॉक की स्वास्थ्य सेवाओं और मॉनिटरिंग व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पडेगा।
आदेश वापस नहीं लिया तो उग्र होगा आंदोलन विरोध प्रदर्शन कर रहे कार्मिकों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि बीपीएम इलियास खान का प्रतिनियुक्ति आदेश तुरंत प्रभाव से निरस्त नहीं किया गया, तो वे कार्य बहिष्कार जैसा कडा कदम उठाने को मजबूर होंगे। स्टाफ ने मांग की है कि प्रशासनिक हित और सुचारू व्यवस्था को देखते हुए इलियास खान को पुनः रानीवाडा में ही यथावत रखा जाए।
ये रहे मौजूद इस दौरान ब्लॉक कार्यालय के कार्मिकों के साथ-साथ बडी संख्या में ग्रामीण क्षेत्र से आई एएनएम, आशा सहयोगिनियां और सीएचओ मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में तबादला नीति पर सवाल उठाते हुए इसे स्टाफ के मनोबल को तोडने वाला बताया।



