सर्कल न्यूज़ नेटवर्क रानीवाड़ा/मालवाड़ा।
शिक्षा की लौ को बुलंद करने और ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मुहैया कराने के संकल्प के साथ मालवाड़ा परिसर में मेघवाल समाज 19 गाँव परगना का भव्य “स्नेह मिलन समारोह” हर्षोल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में समाज की एकजुटता और तरक्की की नई तस्वीर देखने को मिली, जहाँ मुख्य ध्येय समाज के नव निर्माण छात्रावास कार्य को गति देना रहा। इस दौरान छात्रावास भवन के निर्माण एवं संचालन में अपनी गाढ़ी कमाई से आर्थिक व सामाजिक सहयोग प्रदान करने वाले भामाशाहों एवं दानदाताओं का समाज की परंपरा के अनुसार माल्यार्पण करने के साथ ही साफा पहनाकर आत्मीय बहुमान किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं अन्य प्रबुद्ध वक्ताओं ने ज़ोर देकर कहा कि मालवाड़ा में बन रहा मेघवाल समाज का यह छात्रावास ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित होगा। वक्ताओं ने मुक्तकंठ से भामाशाहों के योगदान की सराहना की और समाजबंधुओं से आह्वान किया कि वे इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर आर्थिक आहुति दें, ताकि भवन निर्माण का कार्य बिना किसी रुकावट के शीघ्र पूर्ण हो सके। बैठक के दौरान छात्रावास में नवीन कमरों के निर्माण को लेकर भामाशाहों के साथ गहन मंथन हुआ और कई आवश्यक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस पर उपस्थित भामाशाहों ने दिल खोलकर कमरा निर्माण कार्य हेतु यथासंभव आर्थिक सहयोग का भरोसा दिलाया, जिससे आने वाले समय में विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त आवासीय सुविधाएं सुलभ हो सकेंगी।
इस गौरवमयी कार्यक्रम में समाज के गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में साक्षी बने। छात्रावास निर्माण में विशेष सहयोग देने वाले जागरूक कर्मचारी मालाराम डाबी, चौथाराम सोलंकी, मोहन लाल बढिया, बाबूलाल पातलिया, चौथाराम सानडपुरा सहित प्रबुद्ध समाजसेवी जीवाराम चोहांन, प्रकाश कुमार परमार, हंसाराम, अशोक कुमार, रमेश कुमार, लछाराम, करनाराम, नागजीराम सवदीया, लीलाराम सहित बड़ी तादाद में समाजबंधु मौजूद रहे और अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।



