डीसा रूरल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2.65 लाख की अंग्रेजी शराब और ब्रेजा कार समेत 7.70 लाख का माल जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
सर्कल न्यूज नेटवर्क डीसा (बनासकांठा)
बनासकांठा जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डीसा रूरल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नाकाबंदी तोड़कर भाग रही एक ब्रेजा कार को फिल्मी अंदाज में पीछा कर दबोच लिया। तलाशी के दौरान कार से 2.65 लाख रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब, कार और मोबाइल समेत कुल 7.70 लाख रुपये का मुद्दामाल जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

नाकाबंदी देख चालक ने दौड़ाई कार, पुलिस ने पीछा कर दबोचा बनासकांठा रेंज आईजी परीक्षित राठौड़ और एसपी प्रशांत सुंबे के निर्देशानुसार डीसा डिवीजन के डीएसपी सी.एल. सोलंकी के मार्गदर्शन में डीसा रूरल थाना प्रभारी वी.जी. प्रजापति की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि धनेरा की तरफ से सफेद रंग की ब्रेजा कार में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब भरकर डीसा की ओर लाई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने झेरडा तीन रास्ता के पास कड़ी नाकाबंदी कर दी। संदिग्ध कार आते देख पुलिसकर्मियों ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ाकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तुरंत निजी वाहन से पीछा किया और कुछ ही दूरी पर घेराबंदी कर कार को रोकते हुए आरोपी को धर दबोचा।
948 बोतलें बरामद, फर्जी नंबर प्लेट का हुआ पर्दाफाश कार की सघन तलाशी लेने पर विभिन्न ब्रांड्स की 948 बोतलें और बीयर के टिन बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत 2,65,380 रुपये आंकी गई है। जांच में सामने आया कि तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए कार पर फर्जी नंबर प्लेट (GJ-10-DA-4449) लगा रखी थी, जबकि कार का असली रजिस्ट्रेशन नंबर RJ-59-CB-4309 है।
पुलिस ने शराब के साथ 5 लाख रुपये कीमत की ब्रेजा कार, 5 हजार रुपये का मोबाइल फोन और अन्य सामग्री मिलाकर कुल 7,70,380 रुपये का माल जब्त किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम और फर्जी नंबर प्लेट लगाने की धाराओं में मामला दर्ज कर शराब के मुख्य सप्लायर और खरीददार के नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां