गांधीनगर/जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए मंगलवार को गुजरात भाजपा प्रदेश कार्यालय 'श्री कमलम', गांधीनगर पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री शर्मा ने दिवंगत नेता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उनके पारिवारिक जनों से भेंट कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विजय रूपाणी एक कुशल प्रशासक, समर्पित जनसेवक और सादगीपूर्ण जीवन जीने वाले नेता थे, जिनका योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार सुबह अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंचे, जहाँ भाजपा नेता दानाराम चौधरी सहित गुजरात भाजपा पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री सीधे कमलम कार्यालय के लिए रवाना हुए।
कमलम परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को चिर शांति प्रदान करने की प्रार्थना की।

📌 उल्लेखनीय है कि विजय रूपाणी वर्ष 2016 से 2021 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और अपने कार्यकाल में उन्होंने राज्य के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं का संचालन किया। उनके निधन से भाजपा परिवार समेत समूचे राजनीतिक जगत में शोक की लहर है।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां