रानीवाड़ा क्षेत्र के मालवाड़ा गांव से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक राजस्व अधिकारी पर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगा है। ग्रामीण हनवंत सिंह रावणा राजपूत ने जिला कलेक्टर जालोर को लिखित में शिकायत देकर बताया कि मौजा मालवाड़ा के खसरा नंबर 751 (किस्म गैण्मु धोरा, रकबा 39.60 हैक्टेयर) की करीब 10 से 12 बीघा भूमि पर अधिकारी ने कब्जा कर वर्षों से खेती कर रखी है।
शिकायत में बताया गया कि उक्त भूमि के चारों ओर तारबंदी कर दी गई है, यहां तक कि सरकारी जमीन पर पक्का मकान भी बना दिया गया है। प्रार्थी ने कहा कि सरकारी भूमि पर इस तरह का कब्जा प्रशासनिक दुरुपयोग की श्रेणी में आता है और इसकी उच्च स्तरीय जांच कर अतिक्रमण हटाया जाना चाहिए।
प्रार्थी ने मांग की है कि राजस्व विभाग इस मामले की जांच कर तत्काल कब्जा हटाए और संबंधित अधिकारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि सरकारी जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
इस शिकायत की प्रतियां मुख्यमंत्री, राजस्व मंत्री, विधायक रानीवाड़ा, पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल और तहसीलदार रानीवाड़ा को भी भेजी गई हैं।
गांव में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर कोई आम नागरिक ऐसा करता तो तुरंत कार्रवाई होती, लेकिन अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई न होना सरकार के प्रति असंतोष पैदा कर रहा है।
फिलहाल प्रशासन ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है और मामले की जांच शुरू करने की बात कही है।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां