शोभायात्रा में बिखरे आस्था के रंग, भजन संध्या में देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु; जोधाणी चौहान परिवार द्वारा आयोजित हुआ भव्य महोत्सव
रानीवाड़ा | टीकम पाल। सर्कल न्यूज़ नेटवर्क
कस्बे के निकटतम रानीवाड़ा खुर्द ग्राम में समस्त जोधाणी चौहान परिवार द्वारा आयोजित श्री आई माताजी मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव शुक्रवार को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव के अंतर्गत आयोजित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया।
गुरुवार को गांव में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए शामिल हुए। गाजे-बाजे और सजी-धजी बग्गियों में विराजी झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं। नगर भ्रमण के दौरान भक्तों ने गुलाल उड़ाकर और नृत्य कर अपनी अटूट आस्था प्रकट की।

गुरुवार शाम को 'एक शाम आई माताजी के नाम' भजन संध्या का आयोजन किया गया। सुप्रसिद्ध भजन गायक हेमराज गोयल एंड पार्टी और स्थानीय गायक जेआर विदाणी ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। गायकों ने 'जे गुरु न फड़दा बाह असी रूल जाना सी', 'सतगुरु मैं तेरी पतंग हवा विच उड़दी जावांगी' और 'रंग बरसे दरबार लाल जी तेरे रंग बरसे' जैसे लोकप्रिय मारवाड़ी भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु देर रात तक झूमने को मजबूर हो गए। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक जड़ों और सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण है।

शुक्रवार सुबह जोधाणी चौहान परिवार की ओर से महाप्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने शिरकत की। कार्यक्रम के अंत में समाज के प्रबुद्धजनों ने संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता और सद्भाव को मजबूत करते हैं। मंदिर केवल आस्था के केंद्र नहीं, बल्कि संस्कृति संरक्षण के महत्वपूर्ण स्थल हैं।
इस पूरे महोत्सव का लाइव प्रसारण क्लासिक स्टुडियो संचालक दशरथ कटारिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और मेघवाल समाज सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां