- पतंजलि के उत्पादों की ओट में छिपाई गई 1212 बोतल शराब, ट्रक से हुआ खुलासा
- हरियाणा-राजस्थान से जुड़े तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू, तीन आरोपियों पर केस दर्ज
- 47.82 लाख रुपये का कुल माल जब्त, पुलिस की सतर्कता से बड़ा घोटाला टला
- हालांकि, इस घटना में प्रतिष्ठित पतंजलि संस्था का सीधा कोई हाथ नजर नहीं आया है।
हिम्मतनगर (गुजरात)। पतंजलि हर्बल प्रोडक्ट्स की आड़ में चल रही शराब तस्करी का पर्दाफाश करते हुए साबरकांठा जिला एलसीबी ने एक बड़ी कार्रवाई की है। राजस्थान से राजकोट की ओर जा रहे एक ट्रक में छिपाकर ले जाई जा रही 9.71 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब को गम्भोई थाना क्षेत्र में जब्त किया गया।
एलसीबी को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर शामलाजी-हिम्मतनगर राजमार्ग पर ट्रक क्रमांक GJ-33-T-4531 को रोका गया। जांच के दौरान ट्रक में लदी पतंजलि हर्बल प्रोडक्ट की 542 पेटियों के नीचे छिपाकर रखी गई 1212 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई।

पतंजलि की आड़ में चल रहा था गोरखधंधा
ट्रक में कुल 28.03 लाख रुपये के पतंजलि हर्बल उत्पाद लदे थे। इसी के नीचे छिपाकर शराब की तस्करी की जा रही थी। पुलिस ने इस मामले में ट्रक चालक दीपक सुंदरलाल जाट (उम्र 33 वर्ष, निवासी भदहड़ा गांव, चरखी दादरी जिला, हरियाणा) को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपियों पर मामला दर्ज
इस मामले में ट्रक चालक के अलावा शराब भेजने वाले भिवानी (हरियाणा) जिले के दिनोद गांव निवासी बिंदर उर्फ फौजी बस्तीराम जाट और शराब खरीदने के लिए राजकोट पहुंचने वाले व्यक्ति के खिलाफ भी गम्भोई थाने में मामला दर्ज किया गया है।
कुल 47.82 लाख का माल जब्त
पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल 47.82 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है, जिसमें 9.71 लाख की शराब, 28.03 लाख के पतंजलि हर्बल उत्पाद, 10 लाख रुपये का ट्रक, एक मोबाइल, नकदी और अन्य सामान शामिल हैं।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि पतंजलि हर्बल उत्पाद की आड़ में कितनी बार इस तरह की तस्करी हो चुकी है और क्या इसमें किसी कंपनी से जुड़ा व्यक्ति या नेटवर्क शामिल है। साथ ही ट्रक की पिछली यात्रा और संबंधित लॉजिस्टिक चैन की भी पड़ताल की जा रही है।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां