नहरों की साफ-सफाई कर दिया जल संरक्षण का संदेश
जालोर 6 जून। आगामी मानसून में वर्षा जल के अधिक से अधिक संग्रहण तथा विद्यमान जल स्त्रोतों के रख-रखाव एवं स्वच्छता के लिए जिले में 5 से 20 जून तक चलाए जा रहे वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान के तहत शुक्रवार को वंदे गंगा जल सेवा व स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया गया।
अभियान के तहत जल संसाधन विभाग द्वारा नहरों एवं खालों की जल उपयोगिता संगम एवं कृषकों के सहयोग से साफ-सफाई करवाई गई। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा भामाशाह व स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से वंदे गंगा जल सेवा, रेल्वे स्टेशन, बस स्टेण्ड, कृषि उपज मण्डी समिति आदि सार्वजनिक स्थानों पर एनएसएस, एनसीसी व एनवाईके के स्वयंसेवकों के सहयोग से वंदे गंगा जल सेवा गतिविधि व जल परीक्षण अभियान का आयोजन किया गया। वही डिस्कॉम द्वारा ट्रांसफामर्स के आस-पास झाड़ी कटाई व साफ-सफाई करवाई गई।

इसी प्रकार स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा जल संग्रहण संरचनाओं की गाद निकालने (डी-सिल्टिंग) एवं साफ-सफाई के लिए श्रमदान, वंदे गंगा जल सेवा, पशु खेलियों की साफ-सफाई, पशुओं के लिए साफ पीने के पानी की व्यवस्था एवं पक्षियों के लिए परिंडे बांधना आदि गतिविधियाँ आयोजित की गई।
शनिवार को जल संरक्षण संबंधित विषय पर संगोष्ठी का होगा आयोजन
अभियान के तहत 7 जून , शनिवार को जिला एवं ब्लॉक स्तर पर धार्मिक, व्यापारिक संगठन, भामाशाह, गणमान्य व्यक्तियों को सूचीबद्ध कर जल संरक्षण जन अभियान की गतिविधियों से संबंधित विषय पर विचार विमश/संगोष्ठी का आयोजन किया जायेगा। वही स्थानीय गौशालाओं, पशु चिकित्सालय व दुग्ध संघ में स्वच्छता अभियान आयोजित होगा।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां