सरस्वती विद्या मंदिर शिक्षण समिति, सामाजिक सरोकार प्रकल्प और नई किरण नशा मुक्ति केन्द्र का संयुक्त आयोजन, 17 सितम्बर को महाशिविर
सर्कल न्यूज नेटवर्क मालवाड़ा (जालोर)
"जहां संकल्प दृढ़ होता है, वहां बदलाव का सवेरा अवश्य आता है।" समाज को व्यसनमुक्त बनाकर एक सकारात्मक, समृद्ध और ऊर्जावान नई पीढ़ी के निर्माण के उद्देश्य से मालवाड़ा की पावन धरा पर एक बेहद प्रेरणादाई एवं ऐतिहासक पहल होने जा रही है। सरस्वती विद्या मंदिर शिक्षण समिति मालवाड़ा (आर) द्वारा संचालित सामाजिक सरोकार प्रकल्प एवं नई किरण नशा मुक्ति केन्द्र, जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय (जोधपुर) के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 17 सितम्बर 2026 को एक विशाल नशा मुक्ति जागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज से नशे के अंधकार को मिटाकर युवाओं के भविष्य को उज्वल बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम है।
वरिष्ठ प्रबुद्धजनों की रहेगी गरिमामयी मौजूदगी
इस नशा मुक्त समाज की ओर उठाई गई विशेष पहल में क्षेत्र के युवाओं और नागरिकों को मार्गदर्शित करने हेतु शीर्ष शिक्षाविद शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय, जोधपुर के माननीय कुलगुरु प्रो. पी.के. शर्मा उपस्थित रहेंगे। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता सामाजिक सरोकार प्रकल्प के प्रभारी अधिकारी डॉ. दिनेश गहलोत करेंगे। संस्थान की निदेशक श्रीमती जया गहलोत के निर्देशन में आयोजित हो रहे इस विशाल शिविर को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं।
मालवाड़ा के शैक्षणिक परिसर में जुटेगा जनसैलाब
आयोजकों ने बताया कि यह भव्य जागरूकता शिविर 17 सितम्बर 2026 को सरस्वती विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, मालवाड़ा तथा हुआदेवी मानाराम महाविद्यालय, मालवाड़ा परिसर (रेलवे ब्रिज के पास, मालवाड़ा, जालोर) में आयोजित किया जाएगा। शिविर का मुख्य ध्येय युवाओं को नशे की दुष्प्रवृत्तियों से दूर रहने का संकल्प दिलाना और समाज में स्वास्थ्य व शिक्षा के प्रति नए दृष्टिकोण का संचार करना है। संस्था परिवार ने क्षेत्र के समस्त नागरिकों, युवाओं तथा प्रबुद्धजनों से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर इस जनहितकारी एवं प्रेरणादायक अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया है।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां