नर्मदा प्रोजेक्ट के खुले चेंबर में गिरा सांड, ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
बड़गांव। रामपुरा से रोड़ा जाने वाले सड़क मार्ग पर नर्मदा प्रोजेक्ट के तहत बनाए गए खुले चेंबरों की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। गुरुवार को सड़क किनारे बने एक गहरे खुले चेंबर में अचानक एक सांड गिर गया। गहरे गड्ढे में गिरने के कारण सांड बाहर निकलने के लिए घंटों तड़पता रहा, जिससे वहां हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, वहां से गुजर रहे महेंद्र कुमार लखारा की नजर जब सांड पर पड़ी, तो उन्होंने बिना समय गंवाए वहां से गुजर रहे वाहन चालकों को रुकवाया और ग्रामीणों को मदद के लिए एकत्रित किया। ग्रामीणों ने आपसी सहयोग और सूझबूझ से कड़ी मशक्कत के बाद सांड को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बेजुबान की जान बच गई।
खुले चेंबरों से हादसों का खतरा बरकरार
ग्रामीणों का कहना है कि नर्मदा प्रोजेक्ट के तहत बनाए गए कई चेंबर लंबे समय से खुले पड़े हैं। इन पर न तो सुरक्षा जाली है और न ही ढक्कन, जो राहगीरों और पशुओं के लिए किसी मौत के जाल से कम नहीं हैं। आए दिन इन खुले चेंबरों में पशुओं के गिरने की घटनाएं सामने आती रहती हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक मूकदर्शक बना हुआ है।
प्रशासन से सुरक्षा की मांग
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों को चेतावनी देते हुए मांग की है कि इन खुले चेंबरों पर अविलंब सुरक्षा जाली या ढक्कन लगाए जाएं। यदि समय रहते इन पर सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
सर्कल न्यूज़ नेटवर्क के लिए गुमान सिंह राव की रिपोर्ट / जय हिन्द







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां