जालोर। जोधपुर रेंज में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन संपोलिया” और “एरिया डोमिनेशन” अभियान के तहत चितलवाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने हिंडवाड़ा सरहद से 40.150 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त जब्त किया है, हालांकि मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया।
जिला पुलिस अधीक्षक जालोर, ज्ञानचन्द्र यादव के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सांचौर, आवडदान रतनू और सहायक पुलिस अधीक्षक सांचौर वृत्त, कांबले शरण गोपीनाथ आईपीएस के निकटतम सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। चितलवाना थाना प्रभारी, उपनिरीक्षक सूरजभानसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दिनांक 27.07.2025 को हिंडवाड़ा सरहद में दबिश दी।
पुलिस ने अभियुक्त शैतानाराम पुत्र बाबूलाल, जाति विश्नोई (मांझू), निवासी हिंडवाड़ा, पुलिस थाना चितलवाना, जिला जालोर के घर के पास बनी पशु चारे रखने की ओरडी और खेत से 40.150 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा पोस्त जब्त किया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही अभियुक्त शैतानाराम अपने ठिकाने से फरार हो गया।
शैतानाराम के खिलाफ प्रकरण संख्या 100 दिनांक 27.07.2025 जुर्म धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थ डोडा पोस्त की खरीद-फरोख्त और इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में अनुसंधान जारी है। फरार अभियुक्त शैतानाराम की तलाश भी की जा रही है।
कार्यवाही में शामिल पुलिस टीम:
- सूरजभानसिंह, उपनिरीक्षक, थानाप्रभारी
- भुराराम, सहायक उपनिरीक्षक
- ओमाराम, कांस्टेबल 934
- ओमप्रकाश, कांस्टेबल 41
- प्रेमप्रकाश, कांस्टेबल 917
- रेखा, महिला कांस्टेबल 370
- कैलाश, कांस्टेबल 843
- गोविन्दराम, चालक कांस्टेबल 736 (पुलिस थाना चितलवाना)
चितलवाना पुलिस का यह अभियान मादक पदार्थ तस्करों पर नकेल कसने की दिशा में एक अहम कदम है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।



