जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में नाकाबंदी के दौरान मिली सफलता, लग्जरी कार से हो रही थी तस्करी
चितलवाना। क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चितलवाना थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक आलीशान क्रेटा कार से भारी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त बरामद कर दो शातिर तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आवड़दान रतू और वृत्ताधिकारी (सांचौर) श्री जयराम मुंडेल के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी भंवरलाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। दिनांक 18 जून 2026 को मुखबिर की पुख्ता सूचना पर पुलिस टीम ने चितलवाना सरहद पर पैनी नजर रखते हुए नाकाबंदी की।
इसी दौरान एक संदिग्ध गुजरात नंबर की क्रेटा कार (GJ 06 JM 8286) आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार को रुकवाया और तलाशी ली।
बोरों में भरा था 'काला सोना'
लग्जरी कार की तलाशी लेने पर पुलिस के होश उड़ गए। गाड़ी के भीतर अवैध मादक पदार्थ डोडा पोस्त छिपाकर रखा गया था। तोल करने पर डोडा पोस्त का कुल वजन 40.115 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध डोडा पोस्त और तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार को जब्त कर लिया।
मौके से पुलिस ने आरोपी वीरमाराम (53) पुत्र हरचन्दराम, जाति बिश्नोई (गोदारा), निवासी सादुल की ढाणी सहित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला संख्या 84/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तस्करी का यह माल कहां से लाया गया था और किसे सप्लाई किया जाना था।
सफलता पाने वाली पुलिस टीम
इस सराहनीय कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी भंवरलाल, सहायक उपनिरीक्षक (ASI) मोहनराम, एएसआई वजाराम, कानिस्टेबल लक्ष्मणसिंह (67), ओमाराम (934), पीराराम (462), मेघाराम (780), जैसाराम (60) तथा चालक कानिस्टेबल भगवान सहाय शामिल रहे।
विशेष योगदान: इस पूरी कार्रवाई को सफल बनाने और तस्करों को दबोचने में चितलवाना थाने के कानिस्टेबल उत्तमसिंह (नंबर 665) की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां