पुलिस मुख्यालय ने जारी की विशेष साइबर एडवाइजरी, फोन गुम या चोरी होने पर इन 10 सुरक्षा कदमों को तुरंत अपनाने की अपील
सर्कल न्यूज नेटवर्क जालोर। आज के दौर में स्मार्टफोन महज बातचीत का साधन नहीं, बल्कि बैंकिंग, यूपीआई, ईमेल, सोशल मीडिया और निजी दस्तावेजों की डिजिटल चाबी बन चुका है। ऐसे में फोन गुम या चोरी होने पर सिर्फ डिवाइस तलाशने के बजाय डिजिटल खातों को सुरक्षित करना पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार साइबर क्राइम शाखा ने आमजन को साइबर ठगी से बचाने के लिए विशेष सुरक्षा चक्र अपनाने की सलाह दी है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (साइबर क्राइम) वी. के. सिंह के अनुसार, डिवाइस खोने के तुरंत बाद डिजिटल सुरक्षा उपाय अपनाना बेहद जरूरी है।
फोन गुम होते ही तुरंत अपनाएं यह 10 सूत्रीय 'सुरक्षा चक्र'
- फोन को रिमोट लॉक करें: एंड्रॉइड के 'फाइंड माय डिवाइस' या आईफोन के 'फाइंड माय आईफोन' की मदद से दूसरे सिस्टम से फोन तुरंत लॉक करें।
- बैंकिंग व यूपीआई ब्लॉक करवाएं: बैंक ऐप, वेबसाइट या कस्टमर केयर से संपर्क कर मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और वॉलेट सेवाओं को फौरी तौर पर बंद करवाएं।
- खातों के लेन-देन पर नजर रखें: बैंक खाते की लगातार जांच करते रहें और किसी भी संदिग्ध ट्रांजेक्शन की सूचना तुरंत बैंक को दें।
- सिम कार्ड तुरंत बंद कराएं: टेलीकॉम ऑपरेटर से संपर्क कर सिम ब्लॉक करवाएं, ताकि ओटीपी और अकाउंट रिकवरी का दुरुपयोग न हो।
- डुप्लीकेट सिम लेकर सेटिंग्स जांचें: उसी नंबर की नई सिम सक्रिय करवाएं और महत्वपूर्ण खातों की सुरक्षा सेटिंग्स चेक करें।
- पासवर्ड बदलें: किसी अन्य सुरक्षित फोन या कंप्यूटर से जीमेल, सोशल मीडिया और अन्य खातों के पासवर्ड बदलें तथा रिकवरी विकल्पों की जांच करें।
- पुराने डिवाइस से लॉगआउट करें: ऑनलाइन खातों की 'लॉग-इन डिवाइस' लिस्ट में जाकर अनजान या पुराने डिवाइस से लॉगआउट करें।
- टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) चालू करें: ईमेल व सोशल मीडिया खातों पर टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन हमेशा सक्रिय रखें।
- थाने में दर्ज कराएं शिकायत: नजदीकी पुलिस थाने में फोन गुमशुदगी/चोरी की सूचना दें और आईएमईआई (IMEI) नंबर सुरक्षित रखें।
- सीईआईआर पोर्टल पर फोन ब्लॉक करें: पुलिस रिपोर्ट के बाद भारत सरकार के संचार साथी (CEIR) पोर्टल पर आईएमईआई ब्लॉक करवाएं, जिससे फोन पूरी तरह अनुपयोगी हो जाए।
ठगी की आशंका पर तुरंत करें शिकायत जिला पुलिस अधीक्षक जालोर शैलेन्द्र सिंह इन्दौलिया ने आमजन से अपील की है कि फोन गुमने के बाद यदि किसी भी प्रकार का साइबर फ्रॉड होता है या प्रयास किया जाता है, तो बिना देर किए नजदीकी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा नेशनल साइबर हेल्पलाइन 1930, पोर्टल (cybercrime.gov.in) अथवा राजस्थान साइबर हेल्पडेस्क नंबर 9256001930 / 9257510100 पर तुरंत सूचना दें।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां