प्रस्तावित राजकीय महाविद्यालय, बालिका स्कूल, पीएमश्री स्कूल के नवीन भवन, खेल मैदान के लिए जमीन का आवंटन भी किया जाए
जयपुर/रानीवाड़ा। जसवंतपुरा में एकलव्य आवासीय विद्यालय का कार्य जल्द शुरू करने, पीएम श्री राउमावि जसवंतपुरा के प्रिंसिपल विक्रमसिंह चारण के एपीओ आदेश को निरस्त करने व पीएम श्री राउमावि हेतु भूमि आरक्षित करने को लेकर रानीवाड़ा विधायक रतन देवासी ने आज मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखा है। उन्होंने पत्र में लिखी वाजिब जरूरतों को प्राथमिकता से पूरी करने का निवेदन किया है।
देवासी ने सर्कल न्यूज को बताया कि जिला जालोर के तहसील जसवंतपुरा मुख्यालय पर कस्बे के समस्त व्यापारियों और आमजन ने कल 5 मार्च को अपने प्रतिष्ठान बंद रखे व धरना प्रर्दशन भी किया। इसी दौरान विद्यालय में अध्यनरत छात्र-छात्राओं ने भी स्कूल के तालाबंदी कर धरना-प्रर्दशन किया। इसकी वजह बिना कारण विद्यालय के प्रिंसिपल विक्रम सिंह चारण को एपीओ करना बताया है।
देवासी ने बताया कि ऐसे हालातों को प्रशासन चाहता तो टाल सकता था। मगर हमेशा की तरह स्थानीय प्रशासन की गैर जिम्मेदारनीय कार्यशैली व जिला प्रशासन को सम्पूर्ण तथ्यों से अवगत नहीं करवाने के कारण ऐसे हालात पैदा हुए। इसी वजह से बिना कारण विक्रमसिंह को एपीओ किया गया है जो गलत है। जबकि अगर गलती मानी जाती है तो तहसील के अधिकारियों सहित जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों के खिलाफ भी कार्यवाही होनी चाहिए थी।

विधायक देवासी ने बताया कि पूर्व में भी प्रशासन की लापरवाही की वजह से सुंधा माता जी पर काम करने वाले, मजदुरी कर रोजगार प्राप्त करने वाले, छोटी दुकानों का संचालन करने वाले, खेती करने वाले अनुसूचित जन जाति के व्यक्तियों को बेवजह परेशान किया गया था जिस कारण उन्हें तकलीफ व एक पक्षीय कार्यवाही को झेलना पड़ा था।

देवासी ने अनुसूचित जन जाति के लिए एकलव्य आवासीय विद्यालय का कार्य जल्द शुरू करने की मांग रखी है। साथ ही, इस कार्य हेतु पूरी आठ हेक्टेयर भूमि दी जावे। इसी के साथ, बालिका स्कूल, पूर्व में पीएम श्री राउमावि जसवंतपुरा के नए भवन खेल मैदान कॉलेज के उद्देश्य से आवंटित व आरक्षित भूमि में से एकलव्य आवासीय विद्यालय हेतु भूमि दी है तो इतनी भूमि अन्यत्र जगह पर पीएम श्री राउमावि जसवंतपुरा को आगामी उपरोक्त उपयोग हेतु आरक्षित की जावें।
विधायक देवासी ने बताया कि जसवंतपुरा कस्बे के आमजन व छात्र-छात्राओं की भावनाओं अनुसार पीएम श्री राउमावि जसवंतपुरा के प्रिंसिपल विक्रमसिंह का एपीओ आदेश निरस्त किया जावें।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां