सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय जालोर में हुआ मीडिया राउंड टेबल आयोजन
जालोर, 14 जून। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में चल रहे वंदे गंगा - जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत शनिवार को सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय, जालोर में मीडिया राउण्ड टेबल का आयोजन किया गया।
बैठक में जिले में जल संरक्षण के लिए किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी साझा की गई और बताया गया कि राजस्थान जैसे जल-संकटग्रस्त राज्य में जल संरक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान मीडियाकर्मियों को जल प्रबंधन में राज्य सरकार की विभिन्न पहलों, योजनाओं और तकनीकी नवाचारों से भी अवगत करवाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के तहत जिले में वर्षाजल संग्रहण हेतु विविध निर्माण कार्य किए जा रहे हैं, जिससे न केवल भू-जल स्तर में वृद्धि होगी, बल्कि सूखा राहत में भी सहायता मिलेगी।
राउण्ड टेबल में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े प्रतिनिधियों ने जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने के लिए कई व्यावहारिक और रचनात्मक सुझाव दिए। मीडियाकर्मियों ने परंपरागत जल स्त्रोतों जैसे बावड़ियाँ, कुएं, तालाब आदि को पुनर्जीवित करने की बात पर बल दिया।
इस अवसर पर सभी मीडियाकर्मियों ने जल संरक्षण के लिए संकल्प भी लिया। आयोजन में जिला प्रशासन के प्रतिनिधियों सहित संबंधित विभागों और संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।
- संवाददाता







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां