Circle News Network
रानीवाड़ा/जालौर:
राजस्थान के रानीवाड़ा क्षेत्र में पिछले दो दिनों से बदले मौसम के मिजाज ने अन्नदाता की कमर तोड़ दी है। 18 और 19 मार्च को अचानक हुई मूसलाधार बारिश और तेज अंधड़ के कारण खेतों में खड़ी रबी की तैयार फसलें पूरी तरह जमींदोज हो गई हैं। इस प्राकृतिक आपदा को देखते हुए पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं पंचायत समिति सदस्य मंजीराम चौधरी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर किसानों के लिए तत्काल मुआवजे की मांग की है।

तैयार निवाले पर फिरा पानी
क्षेत्र के किसानों का कहना है कि रबी की फसलें पककर तैयार थीं और कटाई का काम शुरू होने ही वाला था, लेकिन कुदरत के बदले मिजाज ने सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। तेज हवाओं के कारण फसलें खेतों में बिछ गई हैं, जिससे उत्पादन और गुणवत्ता दोनों पर भारी असर पड़ने की आशंका है। किसानों के सामने अब अपनी आजीविका चलाने और कर्ज चुकाने का गहरा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
तत्काल गिरदावरी की मांग
मंजीराम चौधरी ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में अवगत कराया कि रानीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में फसलों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि:
- प्रभावित गांवों में तत्काल गिरदावरी (सर्वे) के आदेश दिए जाएं।
- नुकसान का वास्तविक आकलन कर किसानों को शीघ्र उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।
- प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में किसानों को संबल प्रदान करने के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा की जाए।
किसानों में बढ़ी चिंता
चौधरी ने पत्र में जोर देकर कहा कि यह फसल यहाँ के किसानों की आय का मुख्य स्रोत है। वर्तमान स्थिति में किसान बेबस महसूस कर रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि संवेदनशील सरकार इस विषय पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द से जल्द आवश्यक कार्यवाही करेगी ताकि किसानों को इस आर्थिक संकट से उबारा जा सके।



