निर्माणाधीन गर्ग समाज छात्रावास रानीवाड़ा में उमड़ा समाज, मुख्य अतिथि विधायक रतन देवासी ने शिक्षा को बताया समाज के विकास का आधार, 10 लाख रुपये की विकास स्वीकृति पर समाज ने जताया आभार
जालोर जिले के रानीवाड़ा कस्बे में निर्माणाधीन गर्ग समाज छात्रावास परिसर में महर्षि गर्गाचार्य जन्मोत्सव एवं प्रथम प्रतिभा सम्मान समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रानीवाड़ा विधायक रतन देवासी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह में समाजबंधुओं एवं अतिथियों ने महर्षि गर्गाचार्य को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
समारोह में भाजपा जिला उपाध्यक्ष मुकेश कुमार खण्डेलवाल, NSUI जिलाध्यक्ष सुष्मिता गर्ग, गांग सरपंच प्रतिनिधि एवं युवा कांग्रेस नेता एडवोकेट राधेश्याम चौधरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश आंजणा, पूर्व मंडल अध्यक्ष रिड़मलसिंह डाभी तथा सांचौर गर्ग समाज के जिलाध्यक्ष एवं युवा उद्यमी दिलीप कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले गर्ग समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को अतिथियों के हाथों सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों पर समाज की ओर से उनका उत्साहवर्धन किया गया। वहीं छात्रावास निर्माण सहित समाजहित के कार्यों में सहयोग करने वाले भामाशाहों का भी सम्मान एवं बहुमान किया गया।
शिक्षा को बताया समाज की प्रगति का आधार
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रतन देवासी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा समाज के विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का सबसे मजबूत आधार है। प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करता है। उन्होंने समाज की एकजुटता एवं शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
इस दौरान विधायक रतन देवासी द्वारा गत वर्ष गर्ग समाज छात्रावास में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत किए जाने पर गर्ग समाज के समाजबंधुओं ने आभार व्यक्त करते हुए उनका स्वागत किया और छात्रावास के विकास में सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में रानीवाड़ा गर्ग समाज के अध्यक्ष मसराराम मालवाड़ा, भाजपा एससी मोर्चा जिला उपाध्यक्ष दिनेश कुमार गर्ग, गर्ग समाज सेवा समिति रानीवाड़ा के सचिव अशोक कुमार, व्याख्याता अशोक कुमार हिरपुरा, अध्यापक कृष्ण कुमार मेड़ा एवं लक्ष्मण कुमार सहित सैकड़ों समाजबंधु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन प्रकाश कुमार ने किया। समारोह में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान किया तथा समाज के विकास एवं शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक प्रयासों का संकल्प व्यक्त किया।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां