हार के बाद भी नामांकन, भाजपा के 3 बागी पार्षदों के भरोसे पलटेगा बाजी? 16 के आंकड़े के साथ कांग्रेस भी रेस में
सर्कल न्यूज़ नेटवर्क सिरोही/शिवगंज। सिरोही जिले की शिवगंज नगरपालिका में अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर अचानक सियासी घमासान तेज हो गया है। हाल ही में जैसलमेर में देखने को मिले हाइब्रिड मॉडल की तर्ज पर अब शिवगंज पालिका में भी नाटकीय घटनाक्रम सामने आया है, जहां पार्षद का चुनाव हारने के बावजूद राजेश सोनी ने अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कर सबको चौंका दिया है। खास बात यह है कि कांग्रेस पार्षद दलपत परमार उनके प्रस्तावक बने हैं, जिसके बाद से ही राजनीतिक हलकों में खलबली मच गई है।

स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद अब भारतीय जनता पार्टी के सामने अपना बोर्ड गठित करने की कड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। चर्चा है कि भाजपा के कुल 18 पार्षदों में से 3 पार्षद बाड़ेबंदी से बाहर आ चुके हैं। इसी क्रॉस वोटिंग की भारी संभावना को देखते हुए कांग्रेस खेमे ने भी अपनी सक्रियता अचानक बढ़ा दी है। कांग्रेस का दावा है कि उनके पास अपने 14 पार्षदों के साथ 2 निर्दलीय पार्षदों का मजबूत समर्थन मौजूद है, जिससे उनका आंकड़ा 16 तक पहुंच रहा है। यदि भाजपा के 3 पार्षदों ने पाला बदला या क्रॉस वोटिंग की, तो अध्यक्ष पद का पूरा गणित बदलना तय माना जा रहा है। फिलहाल शिवगंज पालिका में अध्यक्ष पद को लेकर सियासी जोड़-तोड़ चरम पर है और अब सभी की निगाहें अंतिम मतदान तथा नए सियासी समीकरणों पर टिकी हैं।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां