रानीवाड़ा, 5 अगस्त (सर्कल न्यूज़ नेटवर्क): रानीवाड़ा कस्बे के भगवान राजेश्वर मंदिर में मंगलवार को भारतीय किसान संघ तहसील रानीवाड़ा का अभ्यास वर्ग आयोजित हुआ। इस दौरान किसान संघ ने किसानों की उपेक्षा को लेकर सरकार के खिलाफ हुंकार भरी और आंदोलन करने का ऐलान किया। वर्ग का मुख्य उद्देश्य किसानों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और संगठन को मजबूत करना था।

इस अभ्यास वर्ग में किसान संघ के प्रांत मंत्री नरेंद्र सिंह, प्रांतीय बीज प्रमुख और प्रभारी नाथूराम, प्रांत उपाध्यक्ष सोमाराम चौधरी और प्रांत से जीवाराम ने भाग लिया। जिला अध्यक्ष छोगाराम चौधरी, जिला मंत्री सवाराम और मूलाराम धानोल व बाबूलाल जाखडी भी मौजूद रहे। संभाग से हरिसिंह तावीदर (सह मंत्री), सोनाराम जैविक प्रमुख और राणसिंह मेडा (कार्यकारिणी सदस्य) ने भी चर्चा में हिस्सा लिया। तहसील से अध्यक्ष चेनीदान, उपाध्यक्ष दीपाराम, इराराम, रतनाराम गांग, प्रभाराम मंत्री, मूलाराम, कृष्ण कुमार रतनपुर, चोथाराम और मफाराम सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
संगठन विस्तार पर जोर और समस्याओं पर चर्चा
अभ्यास वर्ग में संगठन के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया। तय किया गया कि हर गांव में ग्राम इकाई का गठन कर उसे सक्रिय किया जाएगा, ताकि किसानों की आवाज को जमीनी स्तर पर बुलंद किया जा सके। बैठक में किसानों को विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई, जिसमें अलग-अलग सरकारी विभागों द्वारा उनकी उपेक्षा का मुद्दा प्रमुख रहा।
विशेष रूप से विद्युत विभाग की लापरवाही पर कड़ा रोष व्यक्त किया गया। पदाधिकारियों ने बताया कि जहां जालोर जिले के अन्य सहायक अभियंता कार्यालयों में 2020 तक की फाइलों के विद्युत कनेक्शन हो चुके हैं, वहीं रानीवाड़ा में 2018 की फाइलों के किसान आज भी कनेक्शन का इंतजार कर रहे हैं। जले हुए ट्रांसफार्मरों को बदलने में भी घोर लापरवाही बरती जा रही है, जिससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है।
इसके अलावा, फसल बीमा और आदान अनुदान के मामलों में भी किसानों की सुनवाई नहीं हो रही है। किसान संघ ने स्पष्ट किया कि अब आंदोलन ही एकमात्र विकल्प है। किसानों के हक के लिए जल्द ही एक बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
किसान संघ का लक्ष्य
अभ्यास वर्ग में भारतीय किसान संघ के लक्ष्यों को भी दोहराया गया। संघ का उद्देश्य नशा मुक्त समाज और रसायन मुक्त खेती को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही, किसान की समृद्धि, प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण और देश हित को सर्वोपरि रखना भी इसके प्रमुख लक्ष्य हैं।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां