सर्कल न्यूज़ नेटवर्क, चितलवाना। कोआपरेटिव बैंक चितलवाना में फसल बीमा क्लेम के भुगतान को लेकर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भवातड़ा सोसायटी के सैकड़ों किसानों के खातों में क्लेम की राशि हस्तांतरित की गई। रबी 2023 के लंबित बीमा क्लेम की राशि मिलते ही किसानों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने इस सफलता के लिए किसान मोर्चा के संघर्ष के प्रति आभार व्यक्त किया।
संयुक्त किसान मोर्चा के कोषाध्यक्ष धीमाराम खिलेरी ने जानकारी दी कि शाखा प्रबंधक और किसान मोर्चा के प्रतिनिधिमं डल के बीच हुई सकारात्मक वार्ता के बाद, भुगतान प्रक्रिया को सरल बनाने हेतु ग्राम सेवा सहकारी समितिवार कार्यक्रम तैयार किया गया था।

इसी कड़ी में आज 9 अप्रैल को भवातड़ा सोसायटी के अंतर्गत आने वाले खेजडीयाली, सिपाहियों की ढाणी, शिवगढ़, भवातड़ा, धींगपुरा, जोरादर, चामुंडा नगर, रिड़का, कुकड़िया और हाजीपुर के किसानों को व्यवस्थित तरीके से राशि का वितरण किया गया।
मोर्चा के उपाध्यक्ष विरद सिंह चौहान ने बताया कि बैंक प्रबंधन और किसान प्रतिनिधियों के आपसी तालमेल के कारण वितरण व्यवस्था सुचारू रही, जिससे काश्तकार पूरी तरह संतुष्ट नजर आए। प्रवक्ता लादूराम भादू ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी-अपनी सोसायटी के लिए निर्धारित तिथि पर ही बैंक पहुंचें ताकि अनावश्यक भीड़ न हो और व्यवस्था बनी रहे।
इस अवसर पर विरद सिंह चौहान, धीमाराम खिलेरी, लादूराम भादू, किशनलाल पूनिया, मोहनलाल भादू सहित प्राग सिंह, श्याम सुंदर खत्री, प्रताप सिंह, मोर सिंह और महेंद्र सिंह सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



