रानीवाड़ा, 12 मार्च 2025 – जालोर सिरोही जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, रानीवाड़ा डेयरी रानीवाड़ा के चैयरमेन का पदभार आज जोगसिंह बालोत ने पुनः ग्रहण किया। राजस्थान उच्च न्यायालय के आदेश पर यह नियुक्ति की गई, जिससे समिति सचिवों, दुग्ध उत्पादकों और संघ कर्मचारियों में हर्ष की लहर दौड़ गई है।
अल्पमत के कारण पद छोड़ना पड़ा थाः-
24 मई 2024 को, रजिस्ट्रार सहकारी समितियां राजस्थान सरकार के आदेश पर बालोत को संचालक मंडल में अल्पमत हो जाने के कारण अपने पद को छोड़ना पड़ा था। इस निर्णय को बालोत ने उच्च न्यायालय में चुनौती दी थी।
चौथा है कार्यकालः-
जोगसिंह बालोत का यह रानीवाड़ा डेयरी के चैयरमेन के रूप में चौथा कार्यकाल है। उनके पिछले कार्यकालों में संघ सदैव लाभ की स्थिति में रहा था। इसके विपरीत, पिछले नौ माह में उनकी गैर-उपस्थिति और संघ में लगे प्रशासक के कार्यकाल में संघ घाटे की स्थिति में आ गया।
दुग्ध खरीद दर में वृद्धि की मांगः
नौ माह की अवधि के दौरान संघ प्रशासन द्वारा दुग्ध खरीद दर में कोई वृद्धि नहीं की गई। दुग्ध समितियों के सचिवों और दुग्ध उत्पादकों द्वारा दूध खरीद दर में वृद्धि की निरंतर मांग की जा रही थी, जिसके क्रम में 11 मार्च 2025 को ही संघ मुख्यालय रानीवाड़ा में धरना प्रदर्शन किया गया और उपखंड अधिकारी रानीवाड़ा को ज्ञापन सौंपा गया।
बालोत का बयानः-
पदभार ग्रहण करते हुए, जोगसिंह बालोत ने कहा, ‘‘मैं आपके माध्यम से क्षेत्र के सभी सचिवों और दुग्ध उत्पादक किसानों को पूर्ण रूप से आश्वस्त करता हूं कि मेरे पूर्व के कार्यकालों की भांति ही अब भी दुग्ध खरीद में वृद्धि के साथ ही संघ और समितियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण मेरी प्राथमिकता रहेगी।‘‘



