रानीवाड़ा के समर्था वास बाईपास रोड पर हाई रिस्क गर्भवती की जांच, दवा, टीकाकरण, बीपी-शुगर व प्रसव के दौरान रेफरल सुविधा को लेकर दिए जरूरी निर्देश
रानीवाड़ा। क्षेत्र में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को लेकर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में समर्था वास बाईपास रोड, रानीवाड़ा में बीसीएमओ डॉ. गणपत लाल चौधरी ने हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली गर्भवती महिला के घर पहुंचकर स्वास्थ्य जांच की।
जांच के दौरान बीसीएमओ ने गर्भवती महिला के स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी ली तथा गर्भावस्था के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने महिला को समय पर निर्धारित दवाइयां लेने, आवश्यक टीकाकरण करवाने तथा बीपी, ब्लड शुगर और आवश्यक रक्त जांचें समय पर करवाने के निर्देश दिए।
डॉ. चौधरी ने गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक एवं संतुलित खानपान पर विशेष जोर देते हुए महिला को प्रसव पीड़ा शुरू होने की स्थिति में समय पर चिकित्सा संस्थान पहुंचने तथा आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध रेफरल सुविधा का उपयोग करने की जानकारी दी।
एएनएम व आशा को नियमित निगरानी के निर्देश
बीसीएमओ ने मौके पर मौजूद एएनएम एवं आशा कार्यकर्ता को हाई रिस्क गर्भवती महिला की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से समय-समय पर ब्लड प्रेशर और डायबिटीज की जांच सुनिश्चित करने तथा गर्भवती महिला के स्वास्थ्य में किसी भी प्रकार की गंभीर स्थिति सामने आने पर तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र पर रेफर करने के लिए पाबंद किया।
इस दौरान ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर (बीपीएम) एवं आशा कार्यकर्ता सरस्वती देवी भी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गर्भवती महिला एवं परिजनों को सुरक्षित मातृत्व से जुड़ी आवश्यक जानकारी प्रदान की।
स्वास्थ्य विभाग का यह प्रयास हाई रिस्क गर्भावस्था वाली महिलाओं की समय पर पहचान, नियमित स्वास्थ्य निगरानी और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित उपचार एवं रेफरल सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां