रानीवाड़ा (जालोर): सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, सफलता केवल कड़ी मेहनत, समय प्रबंधन और निरंतर अभ्यास से ही संभव है। यह विचार शनिवार को रानीवाड़ा स्थित सर्वोदय इंग्लिश मीडियम स्कूल में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान ACBEO तेजाराम देवासी ने व्यक्त किए। देवासी के चितलवाना में ACBEO के पद पर नियुक्त होने के बाद पहली बार विद्यालय आगमन पर स्कूल परिवार द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया।
भव्य स्वागत और सम्मान विद्यालय में पहुँचने पर देवासी का स्टाफ और विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ स्वागत किया। इस दौरान उन्हें साफा पहनाकर और मिठाई खिलाकर अभिनंदन किया गया। यह क्षण विद्यालय परिवार के लिए गर्व और हर्ष का रहा।

शिक्षा और संस्कार का मिला संगम समारोह में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, दईपुर के प्रधानाचार्य मुकेश चौधरी ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व को समझाते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया। वहीं, मुख्य अतिथि देवासी ने छात्रों को अनुशासन का पाठ पढ़ाते हुए कहा कि वे समय की महत्ता को समझें और अपने लक्ष्यों को हासिल करने के लिए अटूट लगन के साथ निरंतर प्रयास करते रहें।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर मंथन कार्यक्रम के उपरांत हुई स्टाफ बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई। शिक्षकों ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए नए नवाचारों को अपनाने का संकल्प लिया। अंत में संस्था प्रधान लक्ष्मण चौधरी ने आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए देवासी के मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद दिया।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां