ऐतिहासिक बंद: दोपहर 12 बजे तक बाजार पूरी तरह ठप्प, हजारों गोभक्तों ने भरी हुंकार, सत्ता और प्रशासन के खिलाफ दागे सीधे सवाल
रानीवाड़ा | गौ-सम्मान आह्वान अभियान के तहत आज रानीवाड़ा में व्यापारी एकता का अभूतपूर्व नजारा देखने को मिल रहा है। समस्त व्यापार महासंघ के आह्वान पर सोमवार को कस्बे का बाजार 12 बजे तक पूर्णत: बंद है। सुबह से ही झंडा मैदान और SDM कार्यालय के सामने हजारों की तादात में गोभक्तों और व्यापारियों का जुटना शुरू हो गया है, जिससे पूरा क्षेत्र ‘जय गौमाता-जय गोपाल’ के जयघोष से गूँज उठा है।
झंडा मैदान में गोभक्तों का समागम
SDM कार्यालय के ठीक सामने स्थित झंडा मैदान में आयोजित इस सभा में हजारों लोग पहुंचे हैं। सभा में वक्ता सीधे सरकार की मंशा पर सवाल उठा रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि जब केंद्र और प्रदेश दोनों जगह अनुकूल विचारधारा की सरकार है, तो फिर आज भी गौवंश को सड़कों पर बदहाली का सामना क्यों करना पड़ रहा है? ‘राष्ट्रमाता’ के दर्जे की फाइल दिल्ली के गलियारों में क्यों अटकी है, इसे लेकर भारी रोष देखा जा रहा है।
थोड़ी देर में सौंपा जाएगा ज्ञापन
सभा के पश्चात व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल SDM को ज्ञापन सौंपेगा। इस ज्ञापन में गौचर भूमि से अतिक्रमण हटाने, स्थायी नंदीशाला के निर्माण और गौमाता को संवैधानिक दर्जा देने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं। प्रशासन ने भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। व्यापारियों ने स्पष्ट किया है कि ज्ञापन देने के बाद ही दुकानें खोली जाएंगी।



