राजनीतिक कद से ऊपर उठकर निभाया आत्मीय रिश्ता; बावली में वार्षिक उत्सव के साथ विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में हुए शामिल
सर्किल न्यूज़ नेटवर्क
रानीवाड़ा। राजनीति की चकाचौंध से दूर जब कोई अपना बिछड़ता है, तो उसका खालीपन केवल परिवार ही नहीं बल्कि पूरे समाज को खलता है। रानीवाड़ा विधानसभा के दौरे पर रहे पूर्व सांसद देवजी भाई पटेल ने आज एक राजनेता से इतर एक सच्चे साथी और आत्मीय स्वजन की भूमिका निभाई। देवजी पटेल ने क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता स्वर्गीय भंवरलाल सोनी के निवास स्थान पहुँचकर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।

हौसला देने पहुँचे घर: बच्चों के सिर पर रखा हाथ हाल ही में भाजपा के दिग्गज और निष्ठावान नेता भंवरलाल सोनी का स्वर्गवास हो गया था। उनके निधन से क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। पूर्व सांसद देवजी भाई पटेल ने सोनी के घर जाकर उनकी धर्मपत्नी, उनके तीनों बच्चों और भाइयों से मुलाकात की। इस दुख की घड़ी में पटेल काफी भावुक नजर आए; उन्होंने परिजनों का हाथ थामकर उन्हें हिम्मत बंधाई और कहा कि भंवरलाल जी की कमी कभी पूरी नहीं की जा सकती, लेकिन उनका आदर्श और उनकी सेवा हमेशा हमारे बीच जीवित रहेगी।
एक कद्दावर व्यक्तित्व का सफर बता दें कि स्वर्गीय भंवरलाल सोनी केवल एक कार्यकर्ता नहीं, बल्कि भाजपा के एक मजबूत स्तंभ थे। पूर्व मंत्री अर्जुन सिंह देवड़ा के बेहद करीबियों में शुमार सोनी ने हमेशा जमीनी स्तर पर पार्टी को सींचा। उनका प्रभाव इतना गहरा था कि उनकी पत्नी भी पंचायत समिति सदस्य के रूप में जनता की सेवा कर चुकी हैं। आज उनके जाने के बाद रानीवाड़ा ने एक सच्चा जनसेवक खो दिया है।
पावली में बच्चों के बीच पहुँचे पटेल शोक व्यक्त करने के पश्चात पूर्व सांसद देवजी भाई पटेल रानीवाड़ा के पावली स्थित चाणक्य स्कूल पहुँचे। यहाँ आयोजित वार्षिक उत्सव कार्यक्रम में उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को देख पटेल गदगद हो उठे। अपने संबोधन में उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इसके अतिरिक्त, देवजी भाई ने क्षेत्र के अन्य कई सामाजिक कार्यक्रमों में भी भाग लिया, जहाँ आमजन ने अपनी समस्याओं को लेकर उनसे चर्चा की। पूरे दौरे के दौरान उनके साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।



