नेत्र हीनता मुक्त समाज के लिए भामाशाहों का आगे आना अनुकरणीय: मीठालाल गर्ग
रानीवाड़ा/जालेरा खुर्द। उपखंड क्षेत्र के जालेरा खुर्द में रविवार को सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल देखने को मिली। यहाँ स्थित राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय में आयोजित विशाल नि:शुल्क नेत्र रोग जांच शिविर में 262 ग्रामीणों की आंखों की जांच कर उन्हें परामर्श दिया गया।
यह शिविर श्री आदिनाथ फतेह ग्लोबल आई हॉस्पिटल, जिला अंधता निवारण समिति जालोर, शिव सांई सेवा समिति, रोटरी ग्राम दल आरसीसी मालवाड़ा और गर्ग समाज विकास संस्थान राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। शिविर में मुख्य सहयोगी के रूप में गर्ग समाज के प्रदेश संगठन मंत्री दिनेश कुमार गर्ग (भारत एंटरप्राइजेज) के परिवार ने अहम भूमिका निभाई।

महर्षि गर्गाचार्य के समक्ष दीप प्रज्वलन से शुभारंभ
शिविर का विधिवत शुभारंभ महर्षि गर्गाचार्य की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाज सेवी मीठालाल गर्ग, भंवरलाल गर्ग और उकाराम गर्ग रहे। अध्यक्षता नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. नेहा वागेला, भाजपा एससी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष दिनेश कुमार गर्ग और समाज सेवी मंगलसिंह दहिया ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्लोबल हॉस्पिटल के प्रवीण सिदल, पीईईओ दिनेश कुमार विश्नोई, प्रधानाध्यापक नवाराम देवासी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आधुनिक मशीनों से जांच, मोतियाबिंद का होगा नि:शुल्क ऑपरेशन
शिविर आयोजक शिव सांई सेवा समिति के अध्यक्ष मुकेश कुमार खण्डेलवाल ने बताया कि शिविर में ग्लोबल अस्पताल नेत्र संस्थान आबूरोड की विशेषज्ञ टीम ने सेवाएं दीं। डॉ. नेहा वागेला के नेतृत्व में प्रवीण सिंदल, मेघा गोस्वामी, विष्णु जीनगर, रामलाल, हेमन्त कुमावत और हेमराज सिंह की टीम ने अत्याधुनिक मशीनों से 262 मरीजों की जांच की। जरूरतमंद रोगियों को नि:शुल्क आई ड्रॉप्स वितरित की गईं। जिन मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई, उन्हें ग्लोबल आई हॉस्पिटल आबूरोड ले जाया गया, जहाँ फेको पद्धति (बिना चीरा) से उनका नि:शुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। मरीजों के आने-जाने की व्यवस्था भी नि:शुल्क रखी गई है।
नेत्र ज्योति ही जीवन का आधार: मीठालाल गर्ग
मुख्य अतिथि मीठालाल गर्ग ने अपने उद्बोधन में कहा कि मानव जीवन में आंखों की रोशनी का होना अनिवार्य है, तभी हम जीवन का आनंद ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि परहित और सेवा कार्य ही सच्ची प्रभु भक्ति है। वहीं, डॉ. नेहा वागेला ने ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के शिविरों को 'अंधकार से उजाले की ओर ले जाने वाला भागीरथी प्रयास' बताया।
सरकार की योजनाओं की दी जानकारी
भाजपा एससी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष दिनेश गर्ग ने राजस्थान सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा चिकित्सा क्षेत्र में चलाई जा रही जन-कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में भामाशाह दिनेश कुमार गर्ग परिवार द्वारा मेडिकल टीम को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व सरपंच कर्मीराम देवासी, पूनमाराम देवासी, अशोक कुमार गर्ग, भीखाराम चौधरी, गोदाराम चौधरी, लक्ष्मण गर्ग, योग शिक्षक मोहनलाल सुथार, नरपत वागेला, शैलेंद्र शर्मा, सतीश गर्ग और प्राची खण्डेलवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और समाज सेवी उपस्थित थे।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां