ऑपरेशन लाक्षागृह और गुरूग्राम के जरिए एमडी फैक्ट्री का भंडाफोड़, 7 साल से फरार ईनामी तस्कर वापी से गिरफ्तार
जयपुर/मारवाड़। नशे की विषबेल को जड़ से उखाड़ने के लिए गठित एएनटीएफ (Anti Narcotic Task Force) ने सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के मार्गदर्शन और महानिरीक्षक पुलिस (एटीएस एवं एएनटीएफ) विकास कुमार के नेतृत्व में टीम ने एक ही दिन में चार बड़ी कार्यवाहियों को अंजाम देकर 'कार्यवाहियों का शतक' (103) पूरा कर लिया है। विकास कुमार ने बताया कि औसतन हर दिन एक बड़ी कार्यवाही करते हुए अब तक 30 ईनामी तस्करों को दबोचा जा चुका है।
1. बाड़मेर: सुनसान धोरों में चल रही थी 'मौत की फैक्ट्री' (ऑपरेशन लाक्षागृह)
बाड़मेर के सेड़वा थाना क्षेत्र के भरूड़ी में एएनटीएफ ने एक गुप्त प्रयोगशाला (मेफेड्रोन निर्माण इकाई) का पर्दाफाश किया।
- इनपुट: बिजली के अवैध कनेक्शन और धोरों में गाड़ियों के टायरों के निशान से टीम को भनक लगी।
- जब्ती: कुल 107 किलो नशीला पाउडर और 71 किलो केमिकल बरामद। साथ ही कांच के फ्लास्क, कूलिंग रोड और सिंथेटिक ड्रग्स बनाने के उपकरण जब्त।
- आरोपी: रामजीवण (48), निवासी अजाणियों की ढाणी, धोरीमन्ना।

2. वापी (गुजरात): हल्दी की सब्जी और 7 साल का इंतज़ार (ऑपरेशन गुरूग्राम)
25,000 के ईनामी तस्कर रूगाराम उर्फ रघुवीर को गुजरात के वापी से फिल्मी अंदाज में पकड़ा गया।
- कहानी: पढ़ाई में होनहार रूगाराम प्रेम प्रसंग और जेल की सोहबत के कारण तस्करी में उतरा। 2019 में डोडा पोस्त से भरी गाड़ी पलटने के बाद वह गुजरात भाग गया था।
- ट्रैप: एएनटीएफ ने उसके पिता पर निगरानी रखी। टीम ने वापी पहुंचकर ट्रक ड्राइवरों को झांसा दिया कि वे रूगाराम के लिए घर से "हल्दी की सब्जी" लाए हैं। सब्जी खिलाने के बहाने उसे जलगाँव रूट पर दबोच लिया।
- आरोपी: रूगाराम जाट (36), निवासी खारापार (बालोतरा)।
3. सांचौर: मुम्बई तक फैला एमडीएमए का जाल
रानीवाड़ा रोड पर एएनटीएफ ने मुम्बई से ड्रग्स लेने आए गिरोह को घेरा।
- कार्यवाही: मुम्बई से बस द्वारा आए नरेश पटेल को ट्रैक किया गया। जब वह स्थानीय तस्करों से एमडीएमए का सैंपल ले रहा था, तभी टीम ने दबिश दी।
- जब्ती: 64 ग्राम एमडीएमए, एक स्विफ्ट कार और एक मोटरसाइकिल।
- आरोपी: नरेश पटेल (उदयपुर), प्रकाश विश्नोई, ईश्वरलाल विश्नोई और हनुमानराम विश्नोई (जालोर)।
4. जोधपुर: होटल की आड़ में 'जहर' का कारोबार
भोपालगढ़ के हिंगोली गांव में 'होटल सुखसागर' पर एएनटीएफ ने प्रहार किया।
- हकीकत: होटल में खाना कम और तस्करों की चहल-पहल ज्यादा थी। मामा पप्पुराम विश्नोई ने अपने ही नाबालिग भांजे को 10,000 रुपये के लालच में इस धंधे में धकेल दिया था।
- जब्ती: 78 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त।
- कार्यवाही: एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
अधिकारियों का विवरण एवं टीम की सराहना
महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि इन सभी सफल ऑपरेशनों में एएनटीएफ मुख्यालय जयपुर, जोधपुर, जालोर, बाड़मेर पुलिस और एनसीबी जोधपुर की अहम भूमिका रही। शानदार कार्य करने वाली टीमों को एएनटीएफ मुख्यालय में विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
आमजन से अपील
नशे के खिलाफ इस जंग में जनता भी भागीदार बन सकती है। किसी भी अपराधी की सूचना इन नंबरों पर दें:
- कंट्रोल रूम: 0141-2502877
- व्हाट्सएप नंबर: 9001999070 (सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी)







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां