जालोर, 2 जून। जिला कलक्टर प्रदीप के. गावंडे की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी दी।
जिला कलक्टर ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग एवं प्रोजेक्ट के अधिकारियों से जल जीवन मिशन, समर कंटीन्जेंसी प्लान के तहत ट्यूबवेल निर्माण और जल परिवहन कार्यों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने जिले में सुचारू पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग के अधिकारियों से शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की जानकारी लेते हुए कलक्टर ने सुचारू विद्युत प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
चिकित्सा विभाग के अधिकारियों से ‘‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान’’ के तहत लिए गए खाद्य सैंपलों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर ने संपर्क पोर्टल पर प्राप्त प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की और अधिकारियों को आमजन की परिवेदनाओं का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम एवं ब्लॉक स्तर पर आयोजित होने वाले अटल जन सेवा शिविर के दौरान प्राप्त परिवेदनाओं का भी गुणवत्तापूर्ण समाधान करने को कहा।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नंदकिशोर राजोरा, डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता धर्मेंद्र प्रजापति, पीएचईडी के अधीक्षण अभियंता संजय शर्मा, जिला रसद अधिकारी आलोक झरवाल सहित अधिकारी-कार्मिक उपस्थित रहे।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां