पूर्व सैनिक स्व. हड़मत सिंह देवल की स्मृति में रात्रिकालीन प्रतियोगिता शुरू, भाटी बोले— ‘मैदान का अनुशासन ही जीवन की सफलता’
सर्किल न्यूज नेटवर्क
रानीवाड़ा। कस्बे के राजकीय खेल मैदान में खेल, जोश और जज्बे का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। पूर्व सैनिक स्वर्गीय हड़मत सिंह देवल की स्मृति में आयोजित भव्य रात्रिकालीन क्रिकेट महाकुंभ का आगाज रविवार रात को धमाकेदार अंदाज में हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बनने के लिए हजारों की संख्या में खेल प्रेमी उमड़ पड़े। कार्यक्रम में शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जिनकी एक झलक पाने के लिए युवाओं में जबरदस्त होड़ मची रही।
पलक-पावड़े बिछाकर किया स्वागत
विधायक रविंद्र सिंह भाटी के रानीवाड़ा पहुंचने पर समूचा कस्बा मानों उनके स्वागत में थम सा गया। खेल प्रेमियों और स्थानीय युवाओं ने विधायक का राजस्थानी परंपरा के अनुसार भव्य अभिनंदन किया। कस्बे में जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए थे, जहां फूल-मालाओं और साफे पहनाकर भाटी का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इसके बाद विधायक ने खेल मैदान पर पिच पर उतरकर और अपने चिर-परिचित अंदाज में बल्ला घुमाकर गेंद को बाउंड्री की राह दिखाई और प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।

अनुशासन ही सफलता की कुंजी: भाटी
खिलाड़ियों और युवाओं के भारी हुजूम को संबोधित करते हुए विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने कहा कि खेल केवल हार-जीत का माध्यम नहीं है, बल्कि यह युवाओं को देश सेवा और टीम भावना से जोड़ने का सशक्त मंच है। उन्होंने जोर देकर कहा कि मैदान पर जो खिलाड़ी अनुशासन सीखता है, वही जीवन के संघर्षों में जीत हासिल करता है। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र की प्रतिभाओं को निखारने वाला बड़ा कदम बताया।
दिग्गजों की मौजूदगी ने बढ़ाया उत्साह
इस खेल महाकुंभ में राजनीति और प्रशासन की कई बड़ी हस्तियों ने शिरकत की। कार्यक्रम में रावत मानवेन्द्र सिंह देवड़ा बड़गांव, पुलिस उप अधीक्षक भवानी सिंह, तहसीलदार हनवंत सिंह, जालोर कांग्रेस जिलाध्यक्ष रमीला मेघवाल, पूर्व जिला प्रमुख राजेश कुमार राणा, पूर्व प्रधान राघवेन्द्र सिंह देवड़ा, कागमाला सरपंच महेंद्र सिंह देवल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष हिरालाल सारस्वत, चाटवाड़ा सरपंच करण सिंह देवल, भाजपा युवा नेता गमन देवासी कुड़ा, सिरोही जिले के युवा नेता सुजान सिंह वडवज व भाजपा मंडल अध्यक्ष बलवंत राजपुरोहित सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
दूधिया रोशनी में रोमांचक मुकाबला
आयोजक भगवान सिंह देवल और तनु सिंह देवड़ा ने अतिथियों का आभार जताया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच बेहद रोमांचक रहा, जहां दूधिया रोशनी में खिलाड़ियों के चौकों-छक्कों पर दर्शक झूम उठे। आयोजकों के अनुसार, यह क्रिकेट महाकुंभ न केवल क्षेत्र में खेल की नई ऊर्जा का संचार करेगा, बल्कि पूर्व सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को भी पुख्ता करेगा।



