कलोल तालुका पुलिस ने देर रात नाकाबंदी तोड़कर भाग रही एक लक्जरी क्रेटा कार को सईज गुरुकुल कट के पास लावारिस हालत में बरामद किया है। कार की तलाशी लेने पर 2.72 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब और बीयर जब्त की गई। पुलिस ने कार सहित कुल 9.72 लाख रुपये का सामान कब्जे में लेकर आरोपी बूटलेगर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
- मेहसाणा से अहमदाबाद ले जाई जा रही थी खेप: पुलिस टीम को सटीक सूचना मिली थी कि सफेद रंग की क्रेटा में बिना पास-परमिट के अवैध शराब अहमदाबाद ले जाई जा रही है।
- पुलिस को देखते ही लिया यू-टर्न: गुरुकुल कट पर नाकाबंदी देख बूटलेगर ने पकड़े जाने के डर से गाड़ी को तेज रफ्तार में वापस मोड़ लिया।
- अंधेरे का फायदा उठाकर फरार: पुलिस ने निजी वाहन से पीछा किया। बूटलेगर सईज जीआईडीसी के पास अंधेरे में गाड़ी छोड़कर खेतों और झाड़ियों की तरफ भाग निकला।

गाड़ी पर लगे फर्जी नंबर
जांच में सामने आया कि बूटलेगर ने पुलिस को चकमा देने के लिए गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी।
- गाड़ी पर लगा फर्जी नंबर: GJ-02-DP-9708
- गाड़ी का असली रजिस्ट्रेशन नंबर: GJ-02-CL-1677



