जालोर, 1 नवम्बर। जनसुनवाई को नई दिशा देते हुए जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने शुक्रवार देर शाम जीवाणा ग्राम पंचायत में रात्रि चौपाल का आयोजन किया। चांदनी रात में जब पूरा गांव चौपाल स्थल पर उमड़ पड़ा, तब डॉ. गावंडे ने एक-एक ग्रामीण की समस्या को गंभीरता से सुना और कई मामलों का मौके पर ही समाधान करवाया।
रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने अतिक्रमण हटाने, पेयजल और विद्युत आपूर्ति सहित अनेक समस्याओं को रखा। जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता से किया जाए।
सभा के दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, डिस्कॉम तथा पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों ने केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आग्रह किया।
उपखण्ड अधिकारी सूरजभान विश्नोई, जालोर तहसीलदार लक्ष्मी चौधरी समेत ब्लॉक स्तरीय अधिकारी भी इस मौके पर उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने जिला कलक्टर की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की रात्रि चौपाल से प्रशासन सीधे जनता से जुड़ रहा है और समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है।
गांव में देर रात तक चली इस चौपाल ने आमजन में प्रशासन के प्रति विश्वास और संवाद की नई शुरुआत की—जहां शासन और जनता एक मंच पर साथ नजर आए।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां