खिलाड़ियों और खेल संस्कृति के सम्मान में बी ढाणी सांचोर में रात्रिकालीन फुटबॉल मैच
बी ढाणी सांचोर।
अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक दिवस के अवसर पर महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय के फुटबॉल मैदान पर आयोजित जिला स्तरीय रात्रिकालीन फुटबॉल मैत्री मैच और समापन समारोह में ग्रामीण खेल प्रतिभाओं का उत्साह देखने लायक रहा। समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व प्रधान नरेंद्र कुमार विश्नोई ने कहा कि जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में ओलम्पिक दिवस का आयोजन और खिलाड़ियों का सम्मान गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण युवाओं में खेल के प्रति जागरूकता और प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ाते हैं।
ओलम्पिक दौड़ और योग व्याख्यान से हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह श्री रघुनाथ विश्नोई मेमोरियल कॉलेज रानीवाड़ा के विद्यार्थियों और बीएड कॉलेज के 242 प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं की ओलम्पिक दौड़ से हुई। दोपहर में काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय, वाराणसी के शारीरिक शिक्षा एवं योग विभाग के पूर्व डीन प्रोफेसर एम के गौतम ने ऑनलाइन व्याख्यान में योग, फिटनेस और ओलम्पिक मूल्यों पर प्रकाश डाला।
खिलाड़ियों को हरसंभव मदद का आश्वासन
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष प्रकाश विश्नोई ने की। उन्होंने खिलाड़ियों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया और आयोजन समिति, खिलाड़ियों तथा ग्रामीणों का आभार जताया। महासचिव लाल सिंह सांखला ने ओलम्पिक दिवस के महत्व और खेल संस्कृति पर विस्तार से जानकारी दी।
भामाशाहों और आयोजकों का योगदान
फुटबॉल प्रतियोगिता के संयोजक हरीराम डारा ने बताया कि आयोजन में डॉ मणिलाल विश्नोई, डॉ प्रकाश विश्नोई, डॉ मुकेश मांजू, डॉ भीखाराम डारा, नरेश मोदी, जगदीश गोदारा, सचिन सारण सहित कई भामाशाहों और ग्रामीणों ने मैदान व्यवस्था और आयोजन में अहम भूमिका निभाई।
भीनमाल ने फाइनल में बी ढाणी सांचोर को 4-1 से हराया
रात्रिकालीन फुटबॉल फाइनल में भीनमाल ने बी ढाणी सांचोर को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। भीनमाल की ओर से कृष्णा देवासी ने दो गोल दागे, जबकि सादिक खान, मनीष और रिजवान ने भी शानदार प्रदर्शन किया। बी ढाणी सांचोर की ओर से हिमांशु, श्रवण और प्रवीण सारण ने उम्दा खेल दिखाया। मैच का संचालन हरिराम डारा (सेंटर रेफरी), गिरधारा राम सियाक, भागीरथ सारण और जगदीश गोदारा ने किया।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां