जालोर/रानीवाड़ा। वेस्टर्न राजस्थान के रेल यात्रियों के लिए एक बहुत बड़ी और ऐतिहासिक खुशखबरी है। रेल मंत्रालय ने क्षेत्रवासियों की बरसों पुरानी मांग को पूरा करते हुए एक नई दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन 'भुज-दिल्ली-भुज एक्सप्रेस (वाया भीलड़ी-जालोर)' को हरी झंडी दे दी है. उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, यह इस रूट पर चलने वाली पहली ऐसी ट्रेन है जो सीमावर्ती गुजरात के भुज से देश की राजधानी दिल्ली को सीधे रेल मार्ग से जोड़ने जा रही है.
22 मई को स्पेशल रन और 23 से नियमित सेवा शुरू
रेलवे प्रशासन के मुताबिक, इस ट्रेन का उद्घाटन 22 मई 2026 (शुक्रवार) को भुज से उद्घाटन स्पेशल ट्रेन (नंबर 09403) के रूप में किया जाएगा. उद्घाटन के दिन यह ट्रेन भुज से शाम 16:30 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 16:15 बजे दिल्ली पहुंचेगी.
इसके बाद, नियमित संचालन (Regular Run) इस प्रकार रहेगा:
- ट्रेन संख्या 19403 (भुज से दिल्ली): दिनांक 23 मई 2026 से प्रतिदिन सुबह 11:15 बजे भुज से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी.
- ट्रेन संख्या 19404 (दिल्ली से भुज): दिनांक 24 मई 2026 से प्रतिदिन शाम 19:35 बजे दिल्ली से रवाना होगी और अगले दिन शाम 16:40 बजे भुज पहुंचेगी.
ये रहेंगे प्रमुख कमर्शियल स्टॉपेज
यह ट्रेन आधुनिक एलएचबी (LHB) कोच से सुसज्जित होगी, जिसमें कुल 18 डिब्बे होंगे. रूट की बात करें तो यह ट्रेन गुजरात और राजस्थान के एक बड़े हिस्से को कवर करेगी. इसके प्रमुख ठहराव इस प्रकार हैं:
अंजार, गांधीधाम, भचाऊ, भीलड़ी, धनेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालोर, मोकलसर, समदड़ी, लूनी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, अलवर और रेवाड़ी.
वेस्टर्न राजस्थान को कैसे होगा 'जोरदार फायदा'?
- राजधानी से डायरेक्ट कनेक्टिविटी: यह पहली ऐसी ट्रेन है जो इस पूरे बेल्ट (जालोर, भीनमाल, रानीवाड़ा) को सीधे दिल्ली से जोड़ रही है. अब तक यहां के लोगों को दिल्ली जाने के लिए जोधपुर या अहमदाबाद का रुख करना पड़ता था या ट्रेनें बदलनी पड़ती थीं.
- व्यापार और प्रवासियों को बड़ी राहत: जालोर और सिरोही क्षेत्र के लाखों प्रवासी दिल्ली, गुजरात और देश के अन्य हिस्सों में व्यापार करते हैं. दैनिक ट्रेन होने से प्रवासियों का अपने घर आना-जाना बेहद सुगम और किफायती हो जाएगा.
- ग्रेनाइट और स्थानीय उद्योगों को पंख: जालोर का ग्रेनाइट उद्योग पूरे देश में प्रसिद्ध है. दिल्ली और एनसीआर (NCR) के बाजारों के लिए सीधी ट्रेन मिलने से व्यापारियों और उद्यमियों को सीधा फायदा पहुंचेगा.
- धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा: मोदरान (आशापुरा माताजी मंदिर) और जालोर के ऐतिहासिक स्थलों के लिए अब देश की राजधानी से सीधा मार्ग खुल गया है, जिससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा.
आपके स्टेशन पर क्या रहेगी टाइमिंग? (नियमित समय-सारणी - PTT)
जालोर और आस-पास के प्रमुख स्टेशनों पर इस ट्रेन का समय इस प्रकार रहेगा:
| स्टेशन का नाम | ट्रेन 19403 (भुज -> दिल्ली) आगमन/प्रस्थान | ट्रेन 19404 (दिल्ली -> भुज) आगमन/प्रस्थान |
| धनेरा (DQN) | शाम 17:43 / 17:45 | सुबह 11:15 / 11:15 |
| रानीवाड़ा (RNV) | शाम 18:11 / 18:14 | सुबह 10:43 / 10:43 |
| मारवाड़ भीनमाल (MBNL) | शाम 18:40 / 18:43 | सुबह 09:53 / 09:59 |
| मोदरान (MON) | रात 19:04 / 19:07 | सुबह 09:30 / 09:36 |
| जालोर (JOR) | रात 19:34 / 19:37 | सुबह 08:50 / 08:50 |
| समदड़ी (SMR) | रात 20:25 / 20:30 | सुबह 07:55 / 07:55 |
नोट: इस नई ट्रेन के संचालन के कारण रेलवे द्वारा अजमेर-दिल्ली सराय रोहिल्ला जन शताब्दी (12065), उदयपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला हमसफर (22985) और बांद्रा टर्मिनस-दिल्ली सराय रोहिल्ला एक्सप्रेस (22949) के रेवाड़ी-दिल्ली खंड के समय में मामूली संशोधन (Repercussions) किया गया है, जिसे यात्री यात्रा से पहले जरूर जांच लें.







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां