पुलिस की गश्त ने फेरा तस्करों के मंसूबों पर पानी; लावारिस मिले 7 बैगों में भरी थीं 82 बोतलें
सर्कल न्यूज़ नेटवर्क पालनपुर। गुजरात में शराबबंदी के बावजूद तस्कर रेल मार्ग का उपयोग कर नशा घुसाने की फिराक में रहते हैं, लेकिन पालनपुर रेलवे पुलिस की सतर्कता ने एक बार फिर उनके मंसूबों को नाकाम कर दिया है। शनिवार को पालनपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर खड़ी बैंगलोर एक्सप्रेस ट्रेन के एक कोच से पुलिस ने भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है।
क्या है पूरा मामला? रेलवे पुलिस (GRP) के हेड कॉन्स्टेबल मुकेश कुमार लीलाभाई और एएसआई बाबूभाई भगवानभाई अपनी टीम के साथ प्लेटफॉर्म पर नियमित गश्त (पेट्रोलिंग) कर रहे थे। सुबह करीब 11 बजे जब वे बैंगलोर एक्सप्रेस की चेकिंग कर रहे थे, तभी स्लीपर कोच एस-01 (S-01) में उनकी नजर कुछ संदिग्ध बैगों पर पड़ी। सीट के नीचे और आसपास कुल 7 बैग लावारिस हालत में रखे हुए थे।
बैग खुले तो निकली बोतलों की खेप जब पुलिस ने उन बैगों की चेन खोली, तो अंदर कपड़ों की जगह शराब की बोतलें भरी हुई थीं। तलाशी के दौरान बैगों से अलग-अलग ब्रांड की कुल 82 विदेशी शराब की बोतलें मिलीं। पुलिस ने तुरंत प्रभाव से पूरे जखीरे को जब्त कर लिया।
1.34 लाख का माल जब्त बरामद की गई शराब की कीमत 1,34,000 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ प्रोहिबिशन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और रिजर्वेशन चार्ट के जरिए यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कोच S-1 में ये बैग किसने रखे थे और इसे गुजरात के किस शहर में सप्लाई किया जाना था।



