जयपुर / नागौर:
राजस्थान पुलिस के एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने रक्षाबंधन के पवित्र पर्व पर नशे के सौदागरों की कमर तोड़ दी है. नागौर जिले के जायल थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस ने 5 किलो 400 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी (मेथड्रीन) बरामद की है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत करीब 1 करोड़ 62 लाख रुपये आंकी गई है. पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक कार और एक बाल अपचारी को भी दबोचा है.
जयपुर को नशे में रंगीन करने की थी साजिश
जांच में खुलासा हुआ कि यह भारी-भरकम खेप नागौर से जयपुर सप्लाई के लिए लाई जा रही थी. तस्करों की योजना इस खेप को राजधानी की पार्टियों और चुनिंदा ग्राहकों तक पहुंचाने की थी. यदि यह जहर जयपुर की गलियों तक पहुंच जाता, तो अनगिनत युवाओं का भविष्य अंधकार में डूब जाता और कई हंसते-खेलते परिवार उजड़ जाते. लेकिन ANTF की सतर्क टीम ने नागौर से ही संदिग्ध वाहन का पीछा करते हुए इस नापाक साजिश को नाकाम कर दिया.
साये की तरह पीछे थी खाकी, ऐसे बिछा जाल
मुखबिर की पुख्ता सूचना पर ANTF और जायल थाना पुलिस ने ग्राम दुगौली में खारी-जोधा जाने वाली सड़क पर देवनारायण बगीची के सामने नाकाबंदी की. तभी वहां से एक TUV 300 कार (नंबर RJ21UC2898) गुजरती हुई दिखाई दी. जब गाड़ी रोककर तलाशी ली गई, तो खलासी सीट के नीचे रखे सफेद कट्टे से पांच प्लास्टिक थैलियों में 5.400 किलोग्राम एमडी बरामद हुई.
पकड़े गए बाल अपचारी ने पूछताछ में बताया कि उसे यह खेप सालासर/मालॉस (मेड़तारोड) के एक तस्कर ने सोशल मीडिया और कम्युनिकेशन ऐप के जरिए संपर्क कर सौंपी थी. बाल अपचारी को धुडिला गांव के पास यह कट्टा दिया गया था, जिसे वह जयपुर लेकर जा रहा था. उसके मोबाइल फोन की जांच करने पर एक खाताबुक ऐप में 'SD MUTH' नाम से करीब 16 लाख रुपये के लेन-देन का हिसाब भी मिला है.
10 महीनों में दो क्विंटल एमडी का जखीरा पकड़ा
आईजी विकास कुमार ने बताया कि ANTF के गठन के महज 10 महीनों के भीतर टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 196.76124 किलोग्राम अवैध एमडी बरामद की है. इस दौरान तस्करी के कई स्वयंभू सरगनाओं को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है. पुलिस अब इस नेटवर्क की तह तक जाने के लिए मुख्य सप्लायर और आगे के खरीदारों की तलाश में जुटी है. इस बेहतरीन कार्रवाई को अंजाम देने वाली पूरी टीम को मुख्यालय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा.
आमजन से अपील: तस्करों और अवैध कारोबारियों से जुड़ी कोई भी जानकारी सीधे एएनटीएफ नियंत्रण कक्ष के नंबर 0141-2502877 या व्हाट्सएप नंबर 9261225056 पर दी जा सकती है. सूचना देने वाले का नाम और पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी.









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां