संयुक्त किसान मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल जालोर कलेक्टर से मिला, रिलायंस पर लगाया मनमानी का आरोप
जालोर |
रबी 2022 के अनुदान, बीमा क्लेम और नर्मदा नहर घोटालों को लेकर किसानों का गुस्सा सोमवार को सड़क से लेकर कलेक्टर कार्यालय तक साफ नजर आया। संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किसान प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर, कृषि विभाग और रिलायंस कंपनी के जिला प्रबंधक से वार्ता कर समस्याएं रखीं।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संयुक्त किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष ईशराराम बिश्नोई ने किया। उन्होंने कहा कि किसानों के धैर्य की परीक्षा अब खत्म हो चुकी है। दो साल से बीमा क्लेम लटका पड़ा है और रिलायंस कंपनी टोल फ्री नंबर बंद कर, जांच नहीं करवा कर और बीमा निरस्त कर किसानों के साथ खुली धोखाधड़ी कर रही है।

📌 चितलवाना पोर्टल बना फंसी हुई राशि का कारण
जिला मंत्री मकारम चौधरी ने बताया कि चितलवाना पोर्टल समय पर नहीं खुलने के कारण रबी 2022 का आदान अनुदान अटका हुआ है। इस मुद्दे पर राज्य सरकार को भी ज्ञापन सौंपा जा चुका है।
📌 बीमा क्लेम में खेल, दो साल से लटकाए जा रहे किसान
प्रतिनिधियों ने कहा कि बीमा प्रीमियम चार बार वसूल लिया गया, लेकिन क्लेम आज तक नहीं मिला।
- सर्वे नहीं किया गया
- सूचना नहीं दी गई
- ई-मित्र पर किया बीमा जानबूझकर निरस्त किया गया
- सूचना के अधिकार के तहत भी जानकारी नहीं दी गई
चितलवाना से आए सुरेश खिलेरी और महेंद्र सिंह ने जिला स्तरीय अधिकारियों को बीमा से जुड़ी मनमानी के प्रमाण और दस्तावेज भी सौंपे।
📌 जिला और तहसील स्तर की समितियां बनीं ‘कागजी’, नहीं हो रही बैठकें
राजस्थान किसान सभा के जिला अध्यक्ष विरद सिंह चौहान ने कहा कि शिकायत निवारण समितियां सिर्फ नाम की रह गई हैं। बैठकें समय पर नहीं होती, जिससे किसानों की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।

📌 जालोर से रिलायंस को डी-बार करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने जालोर जिले से रिलायंस कंपनी को डी-बार करने, जिला व तहसील स्तर पर उसके कार्यालयों को नियमित और पारदर्शी संचालन में लाने, व किसानों को उनकी बीमा संबंधी प्रति व सर्वे रिपोर्ट देने की मांग दोहराई।
📌 कलेक्टर का आश्वासन: पोर्टल खुला, अनुदान जल्द खातों में
वार्ता के दौरान जिला कलेक्टर ने जानकारी दी कि चितलवाना पोर्टल खोल दिया गया है और गिरदावरी की प्रक्रिया जारी है।
रबी 2022 की अनुदान राशि जल्द ही किसानों के खातों में भेजी जाएगी।
📌 15 जुलाई तक समाधान का भरोसा, नहीं तो बहिष्कार
कृषि विस्तार के संयुक्त निदेशक रामलाल जाट और रिलायंस कंपनी के जिला प्रबंधक बलराम से लंबी चर्चा हुई। बलराम ने 15 जुलाई तक समस्याओं का समाधान करने की सहमति दी।
प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि समय पर समाधान नहीं हुआ, तो खरीफ सीजन 2025 में समस्त किसान रिलायंस कंपनी का बहिष्कार करेंगे और बीमा नहीं करवाएंगे।
📌 इनकी मौजूदगी में हुई वार्ता
ईशराराम बिश्नोई (जिला अध्यक्ष),
मकारम चौधरी (जिला मंत्री),
विरद सिंह चौहान (जिला अध्यक्ष, राजस्थान किसान सभा),
सुरेश खिलेरी व महेंद्र सिंह (चितलवाना),
मदन सिंह राठौड़ सहित अन्य किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे।
🛑 संयुक्त किसान मोर्चा जल्द करेगा बैठक, तय होगी आगामी रणनीति
किसानों ने साफ कहा कि अब आंदोलनात्मक रुख अपनाने से पीछे नहीं हटेंगे। समस्याएं नहीं सुलझी तो मोर्चा बड़ा आंदोलन छेड़ेगा।
✍️ संवाददाता | सर्कल | जालोर







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां